गुण्डरदेही। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा गुण्डरदेही द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला गुण्डरदेही की 200 बालिकाओं को कॉपी, पेन, पहाड़ा एवं रबर का वितरण किया गया। यह सामग्री बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों, पद्मश्री शमशाद बेगम एवं विद्यालय की प्रधान पाठिका अंकलहिन साहू सहित शिक्षकों की उपस्थिति में छात्राओं को प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान बालिका शिक्षा प्रोत्साहन एवं हेलमेट जागरूकता को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर गुण्डरदेही रिसोर्स सेंटर में करीब 400 स्वयंसेवी सामाजिक महिला कमांडो को प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की गई। महिला कमांडो द्वारा क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य भी किया जा रहा है।

पद्मश्री शमशाद बेगम ने कहा कि बालिका शिक्षा प्रोत्साहन अभियान के तहत जनभागीदारी से एक पेन, एक पहाड़ा और एक कॉपी दान स्वरूप प्राप्त कर जरूरतमंद बालिकाओं तक पहुंचाई जा रही है। इस अभियान में स्वयंसेवी सामाजिक महिला कमांडो अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरा कार्य गांधीवादी तरीके से किया जा रहा है, जिसमें समाज के सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बालिकाओं को कभी निराश नहीं होना चाहिए और निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है।
सात गांवों को बनाया जा चुका है हेलमेट वाला गांव

कार्यक्रम में हेलमेट जागरूकता अभियान को लेकर बताया गया कि पूर्व में क्षेत्र के सात ग्रामों को ‘हेलमेट वाला ग्राम’ बनाने में सफलता प्राप्त हुई है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दोपहिया वाहन चालकों के पास हेलमेट उपलब्ध हो और वे वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें। महिला कमांडो द्वारा लोगों को यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि बढ़ती लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने शिक्षा सामग्री का किया वितरण
बैंक ऑफ बड़ौदा गुण्डरदेही शाखा द्वारा बैंक के स्थापना दिवस के अवसर पर 200 कॉपी, 200 पेन, 200 पहाड़ा एवं 200 रबर का वितरण किया गया। यह सामग्री पूर्व माध्यमिक शाला गुण्डरदेही की छात्राओं एवं महिला कमांडो टीम को प्रदान की गई। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा यह पहल रीजनल मैनेजर श्री बनाम्बर बेहरा के मार्गदर्शन में की गई।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर श्री वीभू रंजन रथ ने कहा कि बालिकाओं का शिक्षित होना बहुत जरूरी है। शिक्षा के माध्यम से ही बालिकाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा से श्री वीभू रंजन रथ , सुमन राम, पूर्व माध्यमिक शाला की शिक्षिका अंजूबाला साहू, नीलेश साहू, महिला कमांडो भीमेश्वरी सांडिल्य, आशा, सरिता, पुष्पा देशमुख, टामीन देशमुख, हेमपुष्पा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं महिला कमांडो उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन रफीक खान ने किया।













