8 जून को घर से ड्यूटी के लिए निकले थे, 12 जून को पत्नी से हुई थी आखिरी बातचीत, 30 जून को दर्ज कराई गई गुमशुदगी
बालोद। बालोद जिले के अर्जुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम परसवानी निवासी संजय नेताम (40 वर्ष) पिछले लगभग 40 दिनों से लापता हैं। परिवार ने काफी खोजबीन के बाद 30 जून को अर्जुंदा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे परिजन गहरी चिंता में हैं।
परिजनों के अनुसार संजय नेताम भानुप्रतापपुर स्थित राठौर कंपनी में माइंस की लाइन गाड़ी चालक के रूप में कार्यरत हैं। वे वाहन क्रमांक CG 19 BR 3011 चलाते थे। 8 जून की रात लगभग 11 बजे वे घर आए थे और अगले दिन 9 जून की सुबह करीब 4 बजे ड्यूटी के लिए भानुप्रतापपुर रवाना हो गए। इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे।
पत्नी जमुना नेताम ने बताया कि 12 जून की सुबह करीब 7 बजे उनकी संजय से आखिरी बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
परिजनों के मुताबिक 16 जून को उसी कंपनी में कार्यरत पड़ोसी ग्राम बोरगहन निवासी योगेश ठाकुर ने फोन कर बताया कि केशकाल घाटी में वाहन दुर्घटना हुई है और संजय नेताम लापता हैं। यह सूचना मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
लगातार खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो 30 जून को अर्जुंदा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसके बावजूद अब तक संजय नेताम का कोई पता नहीं चल सका है।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द संजय नेताम का पता लगाने की मांग की है। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को संजय नेताम के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिले, तो कृपया उनकी पत्नी जमुना नेताम के मोबाइल नंबर 9303142700 पर तत्काल सूचना दें या निकटतम पुलिस थाने को अवगत कराएं।













