DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

EXCLUSIVE- मंडी में जाम छलकाने के मामले में अपर कलेक्टर ने दिए हैं जांच के आदेश, एसडीएम पहुंचे जांच में तो सचिव करने लगे शराब पीने से इनकार, जब अफसरों ने दिखाई वायरल तस्वीर तो हंसते हुए कहने लगे -अच्छा, किसी ने देख लिया था

बालोद। बालोद शहर की कृषि उपज मंडी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है यह चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि मंडी अब धीरे-धीरे मयखाना बनता जा रहा है और वह भी ऐसे जिम्मेदार अधिकारी की करतूतों से जो खुद यहां बैठ कर आराम से देसी शराब छलकाते हैं। बात हो रही है यहां के सचिव वीएस एक्का की ।जिनकी तस्वीर और वीडियो पिछले 2 दिन से सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। जो यहां के एक कमरे में बैठ कर आराम से देसी पव्वा पीते नजर आ रहे हैं। इस वायरल मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर एके वाजपेई ने जांच कमेटी बैठा दी है।

जांच आदेश मिलने के बाद मंगलवार को एसडीएम रामसिंह ठाकुर सहित अन्य टीम जहां जांच के लिए पहुंची थी। मंडी में उस समय सचिव भी नदारद थे। बारी-बारी से सभी कर्मचारियों का बयान लिया गया। यह जानने की कोशिश की गई कि आखिर यहां शराब कहां से आती है। कहीं और तो कोई शराब नहीं पीता है। सब गोलमोल जवाब देते रहे। कोई कर्मचारी यह बताने को तैयार नहीं था कि यहां शराब कैसे पहुंची। तो वहीं जांच के दौरान लगभग डेढ़ घंटे बाद दोपहर 1:20 बजे मंडी सचिव भी वहां पहुंचे और कमरे में जाकर बयान देने तैयार हुए। जब एसडीएम ने उन्हें कहा कि यहां बैठकर शराब पीते हो तो उन्होंने इंकार कर दिया। कहने लगे नहीं साहब, ऐसी कोई बात नहीं है।

एसडीएम बोले -तो आपने कोई तस्वीर या वीडियो नहीं देखी क्या? सचिव बोले- नहीं मैंने तो कुछ नहीं देखा है। हो सकता है जिस दिन मैं नहीं रहा हूं उस दिन किसी ने फोटो खींचकर डाली होगी। तब एसडीएम ने कहा नहीं जिस दिन आप थे उसी दिन यह फोटो ली गई है और फोटो में सब दिख रहा है। ऐसा कहते हुए उन्होंने सचिव को मोबाइल में वायरल तस्वीर दिखा दी। तब हंसते हुए सचिव बोलने लगे,,, अच्छा किसी ने देख लिया था। फिर क्या था सचिव की करतूत सामने आ गई और एसडीएम ने उनका बयान दर्ज किया।

बता दें कि सचिव शहर में ही दूसरे मोहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं। वहां कोई कोरोना पॉजिटिव आने के कारण वे पिछले हफ्ते मंडी के ही एक कमरे में रह रहे थे। इसी दौरान वे जाम छलका रहते और किसी ने उनकी तस्वीर व वीडियो बना ली। जो सोशल मीडिया में वायरल हो गई।

क्या बोले जांच अधिकारी

मामले में जब हमने जांच अधिकारी एसडीएम रामसिंह ठाकुर से बात की तो उन्होंने कहा कि कहीं ना कहीं स्थानीय कर्मचारी भी सचिव से मिला हुआ है। जो यहां शराब पहुंचाता है। बात तो सत्य है कि किसी दिन सचिव यहां शराब पी रहे थे। तस्वीर और वीडियो में साफ दिख रहा है। सभी से बयान ले लिया गया है। जांच प्रतिवेदन अपर कलेक्टर को भेज दिया जाएगा। आगे की कार्रवाई उच्च अधिकारी करेंगे। मंडी सरकारी जगह है, ऐसी जगह पर शराब पीना गलत बात है।

You cannot copy content of this page