Sat. Sep 21st, 2024

बालोद में सरोज पाण्डेय के बयान के बाद से सीएम ने किया है पलटवार, मचा है फिर सियासी बवाल, पढ़िये क्या है मामला

बालोद – कुछ दिन पहले बालोद आगमन पर मीडिया के सामने राज्य सभा सांसद सरोज पाण्डेय ने सीएम भूपेश बघेल के दो साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उनका कार्यकाल तो बस कभी राउत नृत्य तो कभी कुछ नृत्य में तो कई महोत्सव में निकल रहा है. बस नांचते खेलते दिन गुजार रहे हैं. महोत्सव मनाने के उनके तरीकों पर सवाल उठाते हुए छग में विकास कार्य ठप होने की बात कही थी. इस बयान के जवाब में अब सीएम भूपेश बघेल का बयान सामने आया है. उन्होंने पलटवार करते हुए सरोज पाण्डेय के सुआ नृत्य आयोजन पर कहा है, वहां तो कोई रिकार्ड नहीं बन रहा था. सरोज तो रमन सिंह व अन्य नेताओं के साथ कमर मटका रही थी. सीएम के इस बयान के बाद एक बार फिर छग में सियासी बवाल मच गया है. भाजपाई , सीएम भूपेश के बयान को गलत ठहरा रहे हैं,इधर कांग्रेसी इस जवाब को सरोज के लिए करारा बता रहे हैं. तो वहीं स्वयं सरोज पाण्डेय ने अब कहा है की मैंने सीएम को राखी भेजकर भाई बनाया है, मेरे बारे में इस तरह बोलना ठीक नहीं , उन्हें मर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए.  

यह कहा है अब सीएम ने 

सांसद के बालोद में दिए बयान पर पलटवार करते हुए कोरिया पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है की सरोज पांडेय जी जब वहां मुख्यमंत्री तत्कालीन रमन सिंह जी और तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक जी, जो सुआ नाच है ना.. सुआ नृत्य है, वो महिलाएं हमारी नृत्य करती हैं और उसमें उनके साथ दुर्ग के स्टेडियम में क्या कर रही थीं। सीएम के सवाल पर पत्रकारों ने कहा जी वर्ल्ड रिकॉर्ड बना रही थीं। फिर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा वर्ल्ड रिकॉर्ड नहीं बना रहे थे, कमर मटका रहे थे.. मुख्यमंत्री के साथ। दरअसल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कोरिया जिले के दौरे पर हैं। वे यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते-देते कुछ ऐसा बोल गए कि उससे आने वाले दिनों में सूबे का राजनीतिक तापमान गरमाने लगा है। सीएम बघेल ने कहा कि सरोज पाण्डेय रमन सिंह के साथ कमर मटका रही थीं। बघेल रमन सिंह के शासनकाल में दुर्ग में भाजपा की तत्कालीन राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय द्वारा करवाए गए सुआ नृत्य कार्यक्रम को लेकर बोल रहे थे। जिसमें वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाने का दावा किया गया था।

ये कहा था सरोज पाण्डेय ने 

9 दिसंबर बुधवार को राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय बालोद पहुंची थी। जहां उन्होंने कांग्रेसियों द्वारा किए जा रहे किसान आंदोलन को लेकर भ्रामक प्रचार के खिलाफ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। जिसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने भूपेश सरकार पर 2 साल महोत्सव में गुजारने का आरोप लगाते हुए खिचाई कर दी थी। उन्होंने कहा कि जब से भूपेश बघेल सीएम बने हैं, कभी राउत नाच रहे हैं तो कभी कुछ और नाच रहे हैं। कभी लट्टू (भौंरा) चला रहे हैं तो कभी बिहार जा रहे हैं। इसी में ही उनका 2 साल कार्यकाल गुजर गया। किसानों की क्या दशा है उन्हें तो इसकी खबर ही नहीं है। किसान परेशान है और वे महोत्सव ही मना रहे हैं। 

इधर देखिये बालोद जिले में दोनों पार्टी प्रमुख क्या कह रहें

सीएम को रखना चाहिए ध्यान, महिलाओं का न हो अपमान- भाजपा अध्यक्ष

केसी पवार


भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने कहा महिलाओं के कार्यक्रम में सुआ नृत्य को बढ़ावा देने के लिए माननीय सु श्री सरोज पांडे जी व उन महिलाओं जो कि हजारों की तादाद में थी , के द्वारा छत्तीसगढ़ी  परंपरा को बचाए रखने के लिए उक्त आयोजन किया गया था। उसमें उन्होंने अगर मान लो  पूर्व सीएम के साथ नृत्य किया था तो उनके बारे में शब्दों को महिलाओं के सम्मान में इस प्रकार नहीं कहना चाहिए।  महिलाओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए सीएम को काम करना चाहिए।  प्रदेश के मुखिया से  किसी का अपमान ना हो ऐसा काम करना चाहिए। इस बयान की हम कड़ी विरोध व निंदा करते हैं।


सीएम के काम को छत्तीसगढ़िया ही समझ सकतें हैं- कांग्रेस अध्यक्ष

चन्द्रप्रभा सुधाकर

कांग्रेस जिला अध्यक्ष चन्द्रप्रभा सुधाकर ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की संस्कृति, सभ्यता को सहेजने में लगे हैं। जब से भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने हैं ,तबसे छत्तीसगढ़िया का स्वाभिमान ऊंचा हुआ है। जो छत्तीसगढ़िया हैं, वहीं समझ पाएंगे। आज बोलने वाले छत्तीसगढ़ के बारे में कुछ नहीं जानते। प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़िया, किसान मजदूर, युवा, महिलाएं, आदिवासी एवं सभी समुदाय के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। जो आज विपक्ष को खटक रहा है। राज्यसभा सांसद के बयान की हम निंदा करते हैं

By dailybalodnewseditor

2007 से पत्रकारिता में कार्यरत,,,,,कुछ नया करने का जुनून, कॉपी पेस्ट से दूर,,,

Related Post

You cannot copy content of this page