DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बारदाने की ऐसी मारामारी, सोसायटी से होने लगी चोरी, बरही का मामला

बालोद। इस बार बारदाने की मार व कमी सोसाइटी में देखने को मिल सकती है। इसका एक रोचक मामला सामने आया है। ग्राम बरही के सोसाइटी में जहां पर धान बेचने के लिए आए बरही के किसान खेदु राम सिन्हा का 50 बारदाना चोरी हो गया। घटना कल दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है। किसान 50 कट्टा धान बेचने के लिए घर से अपने बारदाने में धान लेकर आया था। फिर उसे समिति को बेचने के लिए धान को खाली करके रखा हुआ था। खुद का बारदाना वहीं पर ही था। इस बीच कुछ काम से वह थोड़ी देर के लिए वहां से गया। वापस आए तो बारदाना चोरी हो चुका था। बारदाना कहां गया, किसी को कुछ समझ में नहीं आया। इस मामले में समिति प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई। जो खरीदीशुरू हुए 2 हफ्ता बीतने के बाद भी अब तक यहां पर कैमरा नहीं लगाए हैं। बताया जाता है कि कैमरा तो लगा है लेकिन उसे चालू नहीं किया गया है ।जिसके चलते इस चोरी का कोई सुराग नहीं मिला। सोसाइटी के भीतर से ही बारदाने गायब होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। तो वही किसान बारदाना चोरी होने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।

क्या बोले प्रबंधक

वहीं जब हमने इस मामले में प्रबंधक लालूराम साहू से चर्चा की तो उन्होंने कहा कैमरा लगा है लेकिन अभी बंद है। उसे सेटिंग करने के लिए मैकेनिक बुलाया गया था। वह आ नहीं पाया है। जल्द ही कैमरा चालू करवा देते हैं। बारदाना चोरी होने की जानकारी मिली है।आसपास के किसानों से पूछताछ हुई लेकिन कहीं कुछ सुराग नहीं मिला।

इधर कलेक्टर ने डौण्डी तहसील के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण

गुरुवार को कलेक्टर जनमेजय महोबे डौण्डी तहसील के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डौण्डी तहसील के धान खरीदी केन्द्र चिखलाकसा, डौण्डी, कुंआगोंदी और आमाडुला का निरीक्षण कर किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान का अवलोकन किया और नमीमापक यंत्र से धान की नमी का परीक्षण कराया। कलेक्टर ने धान विक्रय के लिए आए किसानों से चर्चा की। उन्होंने समिति प्रबंधकों से कहा कि धान बेचने आए किसानों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दें।कलेक्टर ने नवीन धान खरीदी केन्द्र चिखलकसा में जल निकासी हेतु उचित व्यवस्था करने तथा असमय वर्षा से धान के बचाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र डौण्डी और कुंआगोंदी में अमानक बारदानों को पृथक से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र आमाडुला में खुले में रखे गए बारदानों को शेड में व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। सभी धान खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में नए व पुराने बारदानों की उपलब्धता पाई गई। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु मास्क का उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने तथा नियमित हैण्ड सेनेटाईजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अवसर पर एस.डी.एम. ऋषिकेश तिवारी मौजूद थे।

You cannot copy content of this page