DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सिवनी में शहीद नारद निषाद की प्रतिमा का हुआ अनावरण

शहीद परिवार का सम्मान करने पहुंचे गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू शहादत को किए याद

बालोद। प्रदेश के लोक निर्माण, गृह, जेल, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने जिले के ग्राम सिवनी में शहीद नारद निषाद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया।

इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया, संसदीय सचिव व गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भी शहीद की प्रतिमा को नमन किया। समारोह में अतिथियों द्वारा शहीद नारद निषाद के परिवार जनों को शाॅल व श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंत्री ताम्रध्वज साहू ने समारोह को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जवान हर मौसम में स्वयं की जान की परवाह किए बिना देश की सुरक्षा के लिए समर्पित रहते हैं। जिससे हम अपने घरों में चैन की नींद ले पाते हैं। उन्होंने कहा कि जवानों के साहस और पराक्रम की गाथा हमारे युवाओं को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। मंत्री अनिला भेंडिया ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे वीरपुत्र पर हमें गर्व हैं, आज सेना व पुलिस के बदौलत देश के लोग सुरक्षित महसुस कर रहे हैं। समारोह को संसदीय सचिव व गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भी संबोधित कर शहीद को नमन किया। उल्लेखनीय है कि सहायक प्लाटून कमाण्डर शहीद नारद निषाद 21 मार्च 2020 को नक्सल आपरेशन के दौरान ग्राम मिनपा घाटी, जिला-सुकमा में अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए थे। समारोह में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, एस.डी.एम. शीतल बंसल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, समाज सेवी बेनुराम साहू, सरपंच दानेश्वर सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
ज्ञात हो कि शहीद नारद की प्रतिमा व स्मारक स्थल का निर्माण परिजनों व विधायक संगीता सिन्हा की मदद से हुआ है। कोरोना काल के दौरान 21 मार्च 2020 को एसटीएफ के जवानों के साथ मिनपा (सुकमा) में नक्सली मुठभेड़ हुआ था। जिसमें असिस्टेंट प्लाटून कमांडर नारद निषाद बहादुरी के साथ नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए शहीद हो गए थे। इनके बलिदान को याद रखते हुए सिवनी में प्रतिमा निर्माण किया गया है।

20 साल पहले ज्वाइन किया था फोर्स

बालोद जिले के शहीद जवान नारद के परिजनों ने बताया कि करीब 20 साल पहले नारद ने फोर्स ज्वाइन किया था। पहली पोस्टिंग एसटीएफ बघेरा दुर्ग में हुई। जिसके बाद लगातार माओवाद प्रभावित दंतेवाड़ा, सुकमा क्षेत्र में सेवा दे रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि नारद बचपन से ही फोर्स में जाना चाहता था। देशभक्ति उसके अंदर कूट-कूटकर भरी थी।

You cannot copy content of this page