प्रधान पाठक पदोन्नति में देरी पर शिक्षकों का अल्टीमेटम, 31 मार्च तक सूची जारी करने का आश्वासन



बस्तर। बस्तर संभाग में शिक्षक से माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति की लंबित प्रक्रिया को लेकर शिक्षकों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार शाम छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन के नेतृत्व में बस्तर संभाग माध्यमिक शाला प्रधान पाठक मंच के प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त संचालक शिक्षा एच.आर. सोम से मुलाकात कर पदोन्नति प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की।

जानकारी में देरी से अटकी पदोन्नति प्रक्रिया

मुलाकात के दौरान संयुक्त संचालक एच.आर. सोम ने शिक्षक नेताओं को बताया कि कुछ जिला शिक्षा कार्यालयों से आवश्यक जानकारी समय पर प्राप्त नहीं होने के कारण पदोन्नति प्रक्रिया में देरी हुई है। उन्होंने इस विलंब पर खेद व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि किसी भी स्थिति में 31 मार्च तक प्रधान पाठक पदोन्नति की सूची जारी कर दी जाएगी।

लंबे समय से लंबित है पदोन्नति

गौरतलब है कि बस्तर संभाग की माध्यमिक शालाओं में प्रधान पाठकों के पदों पर लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया लंबित है। इस कारण पूरे संभाग के शिक्षकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है और वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की मांग कर रहे हैं।

समय सीमा पार हुई तो होगा आंदोलन

शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त संचालक को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि मार्च माह तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो शिक्षक आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।

बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद

इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन, बस्तर जिलाध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी, कोंडागांव जिलाध्यक्ष कौशल नेताम, प्रधान पाठक मंच के संभागीय संयोजक उमेनगोटी, रामचंद्र सोनवंशी, दुर्गा शंकर तिवारी, रोशन हिरवानी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page