DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

लौहनगरी में कानून को खुली चुनौती! भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार—शहर में नशे के अवैध कारोबार पर भी उठा बड़ा सवाल

शेखर गुप्ता,दल्लीराजहरा। लौहनगरी दल्लीराजहरा में आपराधिक तत्वों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गांजा, अवैध शराब, नशे की गोलियां और सट्टे जैसे अवैध कारोबार पर लगाम लगाने में पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर अब जनप्रतिनिधि और व्यापारी भी खुलकर सवाल उठाने लगे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब असामाजिक तत्व जनप्रतिनिधियों पर भी जानलेवा हमला करने से नहीं डर रहे हैं।

भाजपा पार्षद बीरेंद्र साहू पर जानलेवा हमला

बुधवार रात लगभग 9 बजे नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के राधाकृष्ण वार्ड क्रमांक 7 के भाजपा पार्षद बीरेंद्र साहू पर टीचर कॉलोनी स्थित मैदान के पास मोहल्ले के ही तीन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले जिला चिकित्सालय बालोद ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए स्पर्श हॉस्पिटल भिलाई रेफर किया गया। उनके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

तीनों आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

हमले के बाद पुलिस ने वार्ड 7 निवासी कैलाश साहू, अजीत सिंह और दीपक यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं और राजहरा पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि दल्लीराजहरा में किसी जनप्रतिनिधि पर जानलेवा हमले की यह पहली घटना है।

भाजपा नेताओं और साहू समाज में भारी रोष

घटना के बाद भाजपा नेताओं, पार्षदों और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू, भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, राजहरा व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविंद वाधवानी सहित कई जनप्रतिनिधियों और पार्षदों ने थाने पहुंचकर सीएसपी विकास पाटले और थाना प्रभारी संतोष कुमार भुआर्य को ज्ञापन सौंपा।

अवैध नशे के कारोबार पर भी कार्रवाई की मांग

नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा कि शहर में गांजा, शराब, नशे की गोलियां और सट्टे का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने वार्ड में गलत कार्यों का विरोध करते हैं, जिसके कारण असामाजिक तत्व उनके ऊपर हमला कर रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।

“जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता कैसे सुरक्षित?”

भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि पर इस तरह का हमला पूरे नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। यदि जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कैसे दी जा सकती है। उन्होंने शहर में चल रहे अवैध शराब, गांजा और नशीली गोलियों के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

अवैध कारोबार से शहर का माहौल हो रहा खराब

व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविंद वाधवानी ने कहा कि नगर के लगभग सभी 27 वार्डों में अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जिससे शहर का वातावरण लगातार खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाना चाहिए और व्यापारी संघ इस कार्रवाई में पुलिस के साथ खड़ा है।

कार्रवाई नहीं हुई तो होगा धरना-प्रदर्शन

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध नशे के कारोबार पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय जनता पार्टी राजहरा मंडल द्वारा थाना परिसर के सामने लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी।

पुलिस का दावा – जल्द होगी कार्रवाई

सीएसपी विकास पाटले ने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पार्षद पर हमला करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं नगर निरीक्षक संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि पार्षद पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट करने के तहत मामला दर्ज किया गया है। डॉक्टर की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

You cannot copy content of this page