DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मिशन नवचेतना के तहत बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के 09 प्रकरण दर्ज

03 अवैध शराब विक्रेताओं सहित 09 आरोपियों पर कार्रवाई, 88 पौवा, 15 अद्धी शराब और दो मोटरसाइकिल जब्त

बालोद। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में “मिशन नवचेतना” के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध बालोद पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 26 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 09 प्रकरण दर्ज कर 09 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 03 प्रकरण अवैध शराब बिक्री, 02 प्रकरण शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने तथा 04 प्रकरण सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन से संबंधित हैं। इस दौरान पुलिस ने कुल 88 पौवा, 15 अद्धी देशी शराब, दो मोटरसाइकिल एवं ₹240 बिक्री रकम जब्त की है।

थाना राजहरा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास, वार्ड क्रमांक 27 राजहरा में कार्रवाई करते हुए आरोपी नारायण देवांगन, निवासी वार्ड 27, इंदिरा नगर, राजहरा को अवैध शराब बिक्री करते गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 50 पौवा (09 लीटर) देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग ₹4,000 बताई गई है, जब्त की गई।

इसी प्रकार थाना बालोद पुलिस ने ग्राम झलमला एवं पाररागांव के मध्य मेन रोड किनारे कार्रवाई करते हुए आरोपी जगेश्वर सोनकर, निवासी नेवारीकला, थाना बालोद को मोटरसाइकिल की डिक्की में शराब रखकर बिक्री करते गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 23 पौवा (4.140 लीटर) गोवा अंग्रेजी शराब, ₹240 बिक्री रकम एवं मोटरसाइकिल क्रमांक CG-24-R-9832 जब्त की गई।

वहीं थाना बालोद पुलिस ने पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पीछे पगडंडी मार्ग पर कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष शर्मा, निवासी वार्ड क्रमांक 03, नयापारा, बालोद को मोटरसाइकिल में शराब रखकर बिक्री करते गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 15 अद्धी (5.625 लीटर) देशी प्लेन शराब एवं मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JE-4173 जब्त की गई।

इसके अतिरिक्त थाना लोहारा पुलिस ने धान मंडी चौक में शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले आरोपी बीसनाथ प्रजापति, निवासी वार्ड क्रमांक 11, लोहारा एवं द्वारिका देवांगन, निवासी वार्ड क्रमांक 04, लोहारा के विरुद्ध कार्रवाई की।

वहीं थाना देवरी एवं चौकी संजारी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए गए भूषण लाल रावटे, राजीव देवांगन, लिखन कुमार रावटे एवं समारू राम निर्मलकर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

बालोद पुलिस ने बताया कि “मिशन नवचेतना” के अंतर्गत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब अथवा किसी भी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

You cannot copy content of this page