संबलपुर में घर से शराब बेचते महिला गिरफ्तार, 3,520 रुपये की शराब और 300 रुपये बिक्री रकम बरामद
डौंडीलोहारा। अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डौंडीलोहारा पुलिस ने ग्राम संबलपुर में कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 7.920 बल्क लीटर देशी शराब, जिसकी कीमत 3,520 रुपये है, के साथ शराब बिक्री की रकम 300 रुपये जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री बोनी फॉस एक्का के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब, जुआ एवं सट्टा के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 25 जुलाई 2026 को डौंडीलोहारा थाना पुलिस स्टाफ शासकीय वाहन से टाउन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जुर्म जरायम की पतासाजी के लिए रवाना हुआ था।
इसी दौरान ग्राम संबलपुर बस स्टैंड के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम संबलपुर निवासी रंजीता कोसरे अपने घर में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी महिला को शराब बेचते हुए पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नीले-सफेद रंग के कपड़े के थैले में रखे 04 नग शेरा देशी प्लेन शराब पौवा, प्रत्येक में 180 एमएल, तथा 02 नग शोले देशी प्लेन शराब अध्धी, प्रत्येक में 360 एमएल, बरामद किए। इसके अलावा आरोपी द्वारा घर के पास गड्ढा खोदकर छिपाकर रखे गए 35 नग शोले देशी प्लेन शराब पौवा, प्रत्येक में 180 एमएल, भी बरामद किए गए। पुलिस ने डमी ग्राहक के माध्यम से 01 नग शोले देशी प्लेन शराब पौवा, 180 एमएल, भी जब्त किया। इस प्रकार कुल 7.920 बल्क लीटर शराब कीमत 3,520 रुपये एवं शराब बिक्री की 300 रुपये नकद रकम जब्त कर विधिवत सीलबंद की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला का कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पाए जाने पर रंजीता कोसरे पति स्वर्गीय धनजय कोसरे, उम्र 40 वर्ष, निवासी संबलपुर, थाना डौंडीलोहारा, जिला बालोद के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील तिर्की, पीएसआई सुनील टंडन, प्रधान आरक्षक दिगम्बर वर्मा, महिला प्रधान आरक्षक 989 लिलेश्वरी देवांगन, आरक्षक 250 कुमलाल वर्मा एवं आरक्षक 455 रविशंकर देशलहरे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।












