DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मिशन नवचेतना के तहत बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब सहित 17 मामलों में 17 आरोपियों पर कार्रवाई

दो आरोपियों पर अवैध शराब बिक्री और शराब पिलाने की सुविधा देने का मामला, 15 लोगों पर सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के आरोप में कार्रवाई

बालोद, 26 जुलाई 2026। मिशन नवचेतना के तहत बालोद पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में 25 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 17 प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 02 प्रकरण अवैध शराब बिक्री एवं शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने से संबंधित हैं, जबकि शेष 15 प्रकरण सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने के मामले में दर्ज किए गए हैं।

थाना लोहारा पुलिस ने ग्राम संबलपुर में कार्रवाई करते हुए रंजीता बाई कोसर, पति स्वर्गीय धनंजय कोसर, उम्र 40 वर्ष, निवासी संबलपुर, थाना लोहारा को अवैध रूप से शराब बिक्री के उद्देश्य से शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 अद्धी एवं 40 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 7.920 बल्क लीटर, तथा 300 रुपये बिक्री रकम जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई

इसी प्रकार थाना अर्जुन्दा पुलिस ने मिनीमाता चौक, अर्जुन्दा स्थित एक अंडा दुकान में शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में महेश कुमार गजेन्द्र, पिता स्वर्गीय बैसाखू राम, उम्र 47 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07, कलारपारा, अर्जुन्दा के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की।

इसके अलावा गुरुरदेही, सुरेगांव, गुरूर, राजहरा, पुरूर, सनौद, अर्जुन्दा, बालोद एवं मंगचुवा थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के मामलों में बरसाती लाल निषाद (गुरुरदेही), धर्मेन्द्र डहरे (सुरेगांव), अजय साहू (गुरूर), विकास यादव (राजहरा), मनोज सोनी (पुरूर), कृष्ण कुमार साहू एवं देवेन्द्र साहू (सनौद), सोनू साहू (अर्जुन्दा), नरेन्द्र सिन्हा, सितेश कुमार साहू, अमित कुमार साहू एवं चुरामन दास साहू (बालोद), संजय कुमार सिवना, नूतन कुमार नायक एवं उफेश कुमार सिवना (मंगचुवा) के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

बालोद पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

You cannot copy content of this page