DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुरु के नाम रोपा हरियाली का संकल्प, पाररास मुक्तिधाम परिसर में 60 पौधों का हुआ भव्य वृक्षारोपण

बालोद, 26 जुलाई 2026। गुरु शक्तिधाम परिवार एवं समस्त गुरु भक्तगण, बुढ़ापारा वार्ड क्रमांक 20 पाररास, बालोद के तत्वावधान में “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार को पाररास मुक्तिधाम परिसर में एक दिवसीय भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 60 पौधों का रोपण किया गया। आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना तथा गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका बालोद के उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी उपस्थित रहे। वहीं विशेष रूप से परमपूज्य गुरुदेव श्री हरीश यादव जी (शक्तिधाम अघोर शोध एवं जनकल्याण आश्रम, मां महाकाली मंदिर, बाबूटोला, राजनांदगांव) एवं परमपूज्य गुरुदेव श्री दुष्यंत चंद्राकर जी (गुरु शक्तिधाम, बुढ़ापारा, बालोद) की गरिमामयी उपस्थिति एवं आशीर्वचन प्राप्त हुए।

इस अवसर पर श्री मदन साहू, पाठक जी, श्री दिनेश साहू सहित गुरु शक्तिधाम बुढ़ापारा बालोद के समस्त गुरु भक्तगण एवं ग्राम पाररास-बुढ़ापारा के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों से आह्वान किया गया कि वे अपने गुरु, माता-पिता, इष्टदेव, प्रकृति अथवा अपने प्रियजनों की स्मृति में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा का संकल्प लिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।

आयोजकों ने कहा कि “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गुरु के प्रति श्रद्धा को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने की एक सार्थक पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संदेश दिया गया।

आयोजक:
गुरु शक्तिधाम परिवार एवं समस्त गुरु भक्तगण
बुढ़ापारा वार्ड क्रमांक 20, पाररास, बालोद

You cannot copy content of this page