मुंबई की SAFEMA कोर्ट ने फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि की, नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों और परिजनों की संपत्तियों पर कसा शिकंजा
धमतरी, 26 जुलाई 2026। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने अब तक की बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार से अर्जित बताई गई 35 लाख 85 हजार 116 रुपये 51 पैसे की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कराई है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA ने दोनों मामलों में फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी है।
धमतरी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को केवल आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रकरणों तक सीमित न रखते हुए अब उनके आर्थिक नेटवर्क और अवैध कमाई पर भी सीधा प्रहार शुरू किया है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली द्वारा विस्तृत जांच और वित्तीय विश्लेषण के माध्यम से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों की संपत्तियों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाओं, वाहनों एवं अचल संपत्तियों में निवेश की जानकारी सामने आई।
पुलिस द्वारा उक्त संपत्तियों को NDPS Act, 1985 की धारा 68F के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की गई और संबंधित प्रकरण सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA, मुंबई के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
आरती रजक से जुड़ी 12.93 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज

पहले SAFEMA प्रकरण में आरोपी आरती रजक, पत्नी स्व. राम रजक से संबंधित बैंक खातों एवं निवेशित राशि की जांच में कुल 12,93,636.76 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई। फ्रीज की गई संपत्तियों में बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट एवं अन्य वित्तीय निवेश शामिल हैं। सक्षम प्राधिकारी द्वारा संबंधित पक्ष को सुनवाई का अवसर प्रदान करने के बाद उपलब्ध दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के परीक्षण के आधार पर 23 जुलाई 2026 को फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि की गई।
करण सिंह धुरी एवं परिजनों की 22.91 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई
दूसरे SAFEMA प्रकरण में आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी एवं पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खातों, वाहन एवं अचल संपत्तियों सहित कुल 22,91,479.75 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई। सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रकरण से संबंधित दस्तावेजों, साक्ष्यों एवं अभिलेखों का परीक्षण किया गया। संबंधित पक्षों को सुनवाई का पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद संपत्तियों के वैध आय स्रोत के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
उपलब्ध साक्ष्यों एवं अभिलेखों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA, मुंबई द्वारा 23 जुलाई 2026 को थाना सिटी कोतवाली धमतरी के फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी गई।
दो मामलों में कुल 35.85 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज
दोनों SAFEMA प्रकरणों में नशे के अवैध कारोबार से संबंधित आरोपियों की कुल 35,85,116.51 रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है। सक्षम प्राधिकारी द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों एवं अभिलेखों के आधार पर संबंधित संपत्तियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं उससे अर्जित आय से जुड़ा पाया गया।
अवैध कमाई के आर्थिक नेटवर्क पर भी कार्रवाई
धमतरी पुलिस के अनुसार, संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध हैं तथा उनके खिलाफ PITNDPS Act के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को चिन्हांकित कर SAFEMA/NDPS Act के तहत फ्रीजिंग की कार्रवाई की जा रही है, ताकि नशे के कारोबारियों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ अब केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे अर्जित संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा। नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण अथवा अन्य किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।












