भाजयुमो जिलाध्यक्ष गुलशन कुमार साहू ने चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर भी प्रभावी कार्रवाई की उठाई मांग
बालोद। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बालोद के जिलाध्यक्ष एवं जनपद पंचायत गुंडरदेही के सभापति गुलशन कुमार साहू ने जिले में बढ़ते ऑनलाइन सट्टा-पट्टी, जुआ, अवैध शराब, नशीले पदार्थों के कारोबार एवं चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक, जिला बालोद के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि जिले में इन दिनों ऑनलाइन सट्टा-पट्टी एवं जुआ का अवैध कारोबार तेजी से फैलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। विभिन्न मोबाइल एप, टेलीग्राम, व्हाट्सएप सहित अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए युवाओं को इस अवैध नेटवर्क से जोड़ने की बात भी कही गई है। इसके अलावा विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित होने की शिकायतों का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है।
गुलशन कुमार साहू ने कहा कि जिले में अवैध शराब की बिक्री के साथ ही नशीली गोलियों, चिट्टा, स्मैक, हेरोइन, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर भी प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। इन गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, जिसका असर परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति पर भी पड़ रहा है।

ज्ञापन में जिले में बढ़ती चाकूबाजी एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी चिंता जताई गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण आम नागरिकों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो रहा है। युवाओं में बढ़ती अपराध की प्रवृत्ति का कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिले में संचालित ऑनलाइन सट्टा-पट्टी गिरोहों, जुआ संचालकों, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों, नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री करने वालों तथा चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ कठोर जांच एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत हो और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।












