
नवीन आंगनबाड़ी केंद्र का हुआ लोकार्पण, विधायक ने कहा—गांव के विकास और जनसुविधाओं का विस्तार सर्वोच्च प्राथमिकता
बालोद। ग्राम अरौद में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र के लोकार्पण अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं संजारी-बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने ग्रामीणों की मांग पर गांव में डोम शेड निर्माण की घोषणा की। विधायक की इस घोषणा से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास, प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि गांव के विकास और जनसुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि डोम शेड के निर्माण से गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिलेगी। यह डोम शेड गांव के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा।
विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनहित और क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों के लिए शासन-प्रशासन के समक्ष आवश्यक पहल की जाएगी।

कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूजा वैभव साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती धनेश्वरी सिन्हा, महामंत्री रोहित सागर, हिमांशु लावत्रे, पुमेंद्र निर्मलकर, खोमधर यादव, विजय मंडावी, प्रीतम रावटे, सरपंच ओमप्रकाश ठाकुर सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










