DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पेपर लीक के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट का फैसला युवाओं के हित में ऐतिहासिक कदम : अरुण साहू

बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों से निपटने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन तथा सख्त कानून लाने के फैसले का भाजपा मंडल अध्यक्ष जुंगेरा अरुण साहू ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश के लाखों युवाओं और छात्रों के भविष्य की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम है।

अरुण साहू ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई बेहद जरूरी है। फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मामलों का शीघ्र निपटारा होने से दोषियों को जल्द सजा मिलेगी और इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों के बीच कानून का भय भी पैदा होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने, युवाओं के हितों की रक्षा करने और संगठित पेपर लीक गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई करने की दिशा में उठाया गया यह कदम स्वागत योग्य है। इससे मेहनती और प्रतिभावान विद्यार्थियों को न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत होगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष जुंगेरा अरुण साहू ने कहा कि देश का युवा भारत का भविष्य है और युवाओं के सपनों एवं उनके परिश्रम की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई से देश की परीक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों का विश्वास और मजबूत होगा।

You cannot copy content of this page