एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं होने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी करेगी जन आंदोलन
डौण्डी, विक्की जायसवाल , बालोद। नगर पंचायत डौण्डी के मेन रोड पर आवारा मवेशियों के जमावड़े और लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डौण्डी ने नगर पंचायत प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डौण्डी के सचिव एवं विधायक प्रतिनिधि कैलाश सिंह राजपूत ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत डौण्डी को पत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
पत्र में कैलाश सिंह राजपूत ने बताया कि नगर पंचायत डौण्डी के मेन रोड पर बड़ी संख्या में आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जिसके कारण वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने से कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, मेन रोड क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण रात के समय सड़क पर अंधेरा छाया रहता है, जिससे दुर्घटना की संभावना और अधिक बढ़ जाती है।
उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि मेन रोड से आवारा मवेशियों को तत्काल हटाने की व्यवस्था की जाए तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कर चालू कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
कैलाश सिंह राजपूत ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर आवारा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं किया गया और बंद स्ट्रीट लाइटों को सुधारकर चालू नहीं कराया गया, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डौण्डी के तत्वावधान में जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से जनहित में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
यह पत्र कैलाश सिंह राजपूत, विधायक प्रतिनिधि डौण्डी एवं सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत डौण्डी को 25 जुलाई 2026 को सौंपा गया है।










