DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुदुम ग्राम पंचायत की मांगों पर Mineral Dynamics Private Limited ने दिया जवाब, CSR के तहत सुविधाएं और रोजगार का आश्वासन

कंपनी ने सोलर लाइट, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर एवं शैक्षणिक संस्थानों को सहयोग का दिया भरोसा, ग्रामीणों को रोजगार में प्राथमिकता देने की बात कही

बालोद/डौंडी, विक्की जायसवाल। ग्राम पंचायत गुदुम द्वारा क्षेत्र के विकास, रोजगार एवं ग्रामीणों की सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर Mineral Dynamics Private Limited को सौंपे गए पत्र के जवाब में कंपनी ने दिनांक 20 जुलाई 2026 को अपना लिखित उत्तर प्रस्तुत किया है। कंपनी ने ग्राम पंचायत की विभिन्न मांगों पर अपना पक्ष रखते हुए CSR पॉलिसी के तहत बुनियादी सुविधाओं के विकास एवं स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है।

कंपनी ने ग्राम पंचायत की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मांग पर जवाब देते हुए कहा है कि CSR पॉलिसी के तहत सोलर लाइट, पीने के पानी के लिए बोरवेल, समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर तथा शैक्षणिक संस्थानों को योगदान जैसे कार्य किए जाएंगे।

ग्राम पंचायत गुदुम के प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को प्लांट में रोजगार देने की मांग पर कंपनी ने कहा कि आवश्यकतानुसार रोजगार का प्रावधान किया जाएगा। वहीं कार्यरत व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में अनुकम्पा नियुक्ति की मांग पर कंपनी ने स्पष्ट किया कि कार्यरत व्यक्ति की मृत्यु के उपरांत योग्यता के आधार पर रोजगार का प्रावधान किया जाएगा।

कंपनी ने कर्मचारियों के पीएफ एवं सीपीएस से संबंधित मांग पर नियमानुसार सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही है। वहीं कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य सुविधा की मांग पर कंपनी ने जवाब दिया कि स्वास्थ्य बीमा का प्रावधान किया जाएगा, जिसमें परिवार के सदस्य भी शामिल रहेंगे।

कर्मचारियों के बीमा से संबंधित मांग पर कंपनी ने नियमानुसार कंपनी में कार्यरत व्यक्ति विशेष के बीमा का प्रावधान करने की बात कही है। वहीं परिवार में नाबालिग सदस्य के बालिग होने के बाद कंपनी में रोजगार देने की मांग पर कंपनी ने योग्यता एवं आवश्यकता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

ग्राम पंचायत गुदुम से संबंधित परिवहन कार्यों में स्थानीय ग्रामीणों को प्राथमिकता देने की मांग पर कंपनी ने कहा कि परिवहन कार्यों में ग्रामीणों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं ग्राम पंचायत गुदुम पैलेट प्लांट में एक समिति के गठन की मांग पर कंपनी ने समिति के गठन पर सहमति जताई है।

कंपनी के पास व्यवसाय एवं अन्य कार्यों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग पर कंपनी ने कहा कि समिति की सहमति के अनुसार व्यक्ति विशेष को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस तरह कंपनी की ओर से दिए गए जवाब में ग्राम पंचायत की विभिन्न मांगों पर सहमति एवं आश्वासन व्यक्त किया गया है। अब ग्रामीणों और ग्राम पंचायत की नजर कंपनी द्वारा दिए गए इन आश्वासनों के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन पर रहेगी। स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने के साथ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास से ग्रामीणों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

You cannot copy content of this page