प्रवेश इच्छुक छात्राएं 31 जुलाई तक मूल दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय में उपस्थित होकर ले सकेंगी प्रवेश
बालोद। भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय बालोद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.ए., बी.कॉम. एवं बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर में अस्थायी प्रवेश हेतु द्वितीय सूची जारी की गई है। सूची में अनुशंसित प्रवेश इच्छुक छात्राएं 27 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक महाविद्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश प्राप्त कर सकती हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्रवेश लेने की इच्छुक छात्राओं को निर्धारित तिथि तक अपने समस्त मूल प्रमाण पत्र, प्रवेश शुल्क, टिकट साइज एक फोटो तथा ऑनलाइन आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ महाविद्यालय की प्रवेश समिति के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य है। प्रवेश की प्रक्रिया प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संपन्न की जाएगी।
महाविद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि 31 जुलाई 2026 तक निर्धारित समयावधि में उपस्थित नहीं होने वाली छात्राओं को प्रवेश का अवसर नहीं दिया जाएगा तथा प्रावीण्यता क्रम के अनुसार अन्य छात्राओं को प्रवेश प्रदान कर दिया जाएगा।
प्रवेश के समय प्रवेश समिति के समक्ष सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इच्छुक छात्राओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।









