DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद के 2 शिक्षकों ने बढ़ाया मान, शिक्षक दिवस पर राज्यपाल करेंगे सम्मान

एक भौतिकी और खगोल में करते हैं कमाल तो दूसरे गणित के हैं जादूगर

बालोद। जिले के दो शिक्षकों को 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर राज्यपाल राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित करेंगी। वे दो शिक्षक हैं, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद के भौतिक शास्त्र के व्याख्याता भूपेश्वर नाथ योगी व शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जमरूवा के व्याख्याता शिक्षक रघुनंदन गंगबोईर । जिला शिक्षा अधिकारी सहित समस्त विभाग के लोगों ने दोनों शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। दोनों शिक्षक सम्मान लेने तीन सितंबर से रायपुर में हैं। जहां शिक्षक प्रेजेंटेशन के लिए 4 सितम्बर को ट्रायल हुआ। पांच सितंबर को राज्यपाल सम्मानित करेंगी।

इन खास वजह से मिल रहा है इन्हें राज्य स्तर पर सम्मान

भूपेश्वर नाथ योगी :

बेहतर शिक्षा व्यवस्था, आकर्षक स्कूल निर्माण में योगदान व नवाचार शिक्षा से विद्यार्थियों को पढ़ाते हैं। इसके लिए जिले में उनकी अलग पहचान है। भौतिक शास्त्र जैसे कठिन विषय को विद्यार्थियों को सरलता से समझाते हैं। टेलीस्कोप व सूक्ष्मदर्शी से देते हैं सौरमंडल का ज्ञान। विद्यार्थियों को सौरमंडल, ब्राह्मांड व अंतरिक्ष की जानकारी के लिए विद्यार्थियों को सूक्ष्मदर्शी, टेलीस्कोप की सहायता से तारामंडल का अध्ययन कराते हैं। सौर धब्बों का अध्ययन करना और उसके जटिल चुंबकीय संरचना से अवगत करवाना, शैक्षणिक भ्रमण के रूप में रायपुर में स्थित विज्ञान केन्द्र ले जाना, ऊर्जा पार्क का शैक्षणिक भ्रमण करना व कक्षा शिक्षण को रोचक बनाने का प्रयास करते हैं।

आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं की भी मदद

वे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को नि:शुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराते हैं। समाजसेवी संस्थाओं और दानदाताओं से संपर्क कर शालेय गणवेश और पुस्तक की व्यवस्था जरूरतमंद छात्रा की परीक्षा फीस भी जमा करते हैं। साथ ही पढ़ाई में कमजोर छात्रा को अतिरिक्त समय देकर अध्यापन कराते हैं। हाल ही में भारत सरकार के नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन के अंतर्गत अटल मैराथन 2020 के आयोजन में 6 छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर में चयन हुआ था।

रघुनंदन गंगबोईर :

शासकीय हाईस्कूल जमरूवा के नवाचारी व्याख्याता रघुनंदन गंगबोईर का चयन राज्य शैक्षिक अवार्ड के लिए किया गया है। शुरुआती नवाचारी गतिविधि के अतिरिक्त विषम संख्या के संचयन कर वर्ग निकालने का सूत्र, जिसमें बड़ी से बड़ी संख्या का वर्ग आसानी निकाला जा सकता है, का सृजन किया था। इसके लिए उन्हें सत्र 2015 में राज्य का प्रथम मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण शिक्षाश्री से राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। शिक्षक रघुनंदन को उनके नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा खेलकूद एवं बच्चों में बाल मनोविज्ञान प्रतिभा निखारने राज्य शासन ने राज्य शिक्षक पुरस्कार सत्र 2021 राज्यपाल के लिए चुना था। जो अब प्राप्त होगा। ज्ञात हो कि रघुनंदन गंगबोईर अपने नवाचारी गतिविधियां, समाज सेवा और गणितीय कौशल के लिए जाने जाते हैं। उन्हें सत्र 2020 -21 के लिए राज्य शिक्षक सम्मान 2021 हेतु प्रस्तावित/चयन किया गया । वे शिक्षा के साथ जिला मीडिया प्रभारी छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला बालोद,
अंकेक्षक जिला साहू संघ बालोद, संयोजक अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ तहसील साहू संघ बालोद के पद पर भी हैं।नवाचारी व्याख्याता रघुनंदन गंगबोईर को नवाचार एवं बड़ी से बड़ी संख्या के वर्ग निकालने के सूत्र की खोज के लिए जिला का प्रथम मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण शिक्षा श्री से सम्मानित किया जा चुका है। उनके द्वारा चार प्रकार के नवाचारी गतिविधि जिसमें सर्वप्रथम वर्ग चक्रव्यूह लेखन के साथ विषम संख्याओं के संचयन से वर्ग लेखन त्रिकोण विस्तार से वर्ग लेखन तथा 9 के आवर्ती पहाड़ा लेखन प्रतियोगिता जिसे संबंधित व्याख्याता ने स्वयं तैयार किया है।

You cannot copy content of this page