DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कमरौद के हनुमान मंदिर की बढ़ेगी भव्यता, गुंबज निर्माण शुरू, मन्दिर समिति ने की दान की अपील,,,

बालोद। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर कमरौद में अब गुंबज निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है। दानदाताओं व शासन प्रशासन की मदद से मंदिर समिति ने गुंबज निर्माण शुरू किया है। इसके लिए 5 इंटें रखकर हनुमान मूर्ति के समक्ष पूजा अर्चना की गई। सुरक्षित व मजबूती से निर्माण की कामना की गई। ज्ञात हो कि दानदाताओं की मदद से ही यहां नए मंदिर का निर्माण किया गया है। अब गुम्बज निर्माण से इस मंदिर की भव्यता और बढ़ जाएगी। मंदिर समिति के सचिव केश कुमार ठाकुर ने बताया कि विगत दिनों यहां छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची काली मां की प्रतिमा का निर्माण व स्थापना किया गया है। जिसके चलते इस बार महाशिवरात्रि मेला में अब तक की ऐतिहासिक भीड़ भी उमड़ी थी। काली प्रतिमा को देखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंचे हुए थे। अब गुंबज बनने के बाद यहां की रौनकता और विशालता और बढ़ जाएगी। सचिव केश कुमार ठाकुर ने बताया कि गुंबज निर्माण में लगभग 25 से 30 लाख की लागत आएगी। जिसमें उन्होंने दानदाताओं से आर्थिक मदद की अपील की है। शासन प्रशासन से कुछ सहयोग मिला है लेकिन अभी और ज्यादा दान राशि की आवश्यकता है। ताकि मंदिर को और भव्य रुप दिया जा सके और धार्मिक आस्था के केंद्र बिंदु मंदिर प्रांगण को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। बता दे कि हनुमान मंदिर की खासियत छत्तीसगढ़ में विशिष्ट है। यह दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर है। जहां जमीन से भूमि फोड़कर हनुमान की मूर्ति निकली हुई है। लोगों की मान्यताओं के अनुसार प्रारंभ में यह मूर्ति छोटी थी धीरे-धीरे इसका आकार बढ़ता गया। कमरौद सहित सांकरा पिरिद व आसपास के लोगों ने धीरे-धीरे इस जगह को धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया और देखते-देखते इस जगह की प्रसिद्धि बढ़ गई है कि छत्तीसगढ़ में एक विशिष्ट धार्मिक स्थल के रूप में इस जगह का नाम है।

नवरात्रि में जलेंगे मनोकामना जोत

हर साल दोनों नवरात्रि पर यहां मंदिर में मनोकामना जोत जलाए जाते हैं। तो वहीं 9 दिनों तक धार्मिक आयोजन होते हैं। इसकी तैयारी में भी मंदिर समिति जुटी हुई है। मंगलवार को 11 बजे श्री हनुमान मंदिर ग्राम कमरौद में हनुमान जी के चरणों पर पांच ईंट रख कर मंदिर पुजारी दुर्गा प्रसाद पांडे द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कर गुम्बज निर्माण का कार्य आरंभ किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कौशल प्रसाद साहू, उपाध्यक्ष उमेद सिंह चंद्रवंशी, सचिव केश कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष पुनीत राम साहू, अशोक कुमार ठाकुर व गुम्बद निर्माण मिस्त्री पोखराज सिंह निषाद मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page