बालोद जिला। लगातार बालोद जिले में अलग-अलग क्षेत्र में सड़क दुर्घटना बढ़ गई है। जिसमें कई लोगों की मौत हुई है। तो कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन सब परिस्थितियों को देखते हुए एसपी के निर्देशन में यातायात पुलिस व बालोद जिला पुलिस द्वारा 2 नवंबर से लेकर 9 नवंबर तक यातायात जागरूकता सप्ताह का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसमें सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यातायात के नियम का पालन न करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी। बिना हेलमेट बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर सख्ती से कार्यवाही होगी। यह कार्यक्रम जिले के अलग-अलग इलाकों में चल रहा है। खासतौर से बालोद जिले में सर्वाधिक दुर्घटनाजन्य 9 स्थल चयनित किए गए हैं। जहां पर इस कार्यक्रम को गंभीरता से चलाया जा रहा है। कल भी जगतरा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसों की वजह यह आई सामने
पुलिस प्रशासन द्वारा विगत दिनों में हुए सड़क दुर्घटनाओं का आकलन किया गया। दुर्घटना में सर्वाधिक मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई है। जिसे हेलमेट पहनने से रोका जा सकता है। सड़क दुर्घटना में निम्नलिखित कारणों से मृत्यु होना पाया गया। जिसमें प्रमुख रुप से बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाना, अनियंत्रित गति से वाहन चलाना, तेज गति से वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करना, शराब का सेवन कर वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग ना करना, मोटरसाइकिल में तीन सवारी बिठाना, व अन्य यातायात संबंधी नियमों का पालन नहीं करना शामिल हैं
उपरोक्त बिंदुओं के मद्देनजर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए 2 से 9नवम्बर तक यानी 7 दिनों तक आम जनता को यातायात के नियमों के पालन कराने बालोद पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।जिसमें प्रमुख रुप से यातायात नियमों का पालन कराने जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इन 13 बातों को बता रहे हैं अभियान के दौरान
नियंत्रित गति से वाहन चलाने, शराब सेवन कर वाहन ना चलाने, बिना हेलमेट बिना सीट बेल्ट के वाहन ना चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, मोटरसाइकिल में तीन सवारी ना बैठाने,प्रेशर हॉर्न का उपयोग नहीं करने, संकीर्ण स्थानों पर ओवरटेक नही करने, सड़क पर चलने के नियमों का पालन करने, रात्रि में वाहन को सड़क किनारे खड़ी करने पर पार्किंग लाइट का उपयोग करने, कारों में काली फिल्म का उपयोग नहीं करने, बिना नंबर प्लेट, फैंसी, आड़े तिरछे नंबर के साथ नम्बर प्लेट में अन्य शब्दों का उपयोग ना करने, मोटरसाइकिल के हेडलाइट में काली पट्टी का उपयोग करने, रात में अपर डिप्पर का उपयोग करने सहित अन्य यातायात नियमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
ये स्थान है सबसे ज्यादा डेंजर पॉइंट
चिटौद एनएच 30, सांकरा एनएच 930, कुसुमकसा एनएच 930, सिकोसा पैरी मैन रोड, संबलपुर मैन रोड थाना डौंडीलोहारा, गुदुम थाना डौंडी, चोरहा पड़ाव थाना डौंडी, बटेरा चौक डौंडीलोहारा , चैनगंज गुंडरदेही को सबसे डेंजर प्वाइंट में शामिल किया गया है। तथा अन्य स्थानों पर भी आगामी दिनों में किसी भी प्रकार की वाहन दुर्घटना ना हो इस हेतु पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाकर स्टाल लगाकर संकेतक बोर्ड लगाकर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
