बालोद। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे आज डौण्डीलोहारा के तहसील कार्यालय और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील कार्यालय भवन का भी निरीक्षण किया और भवन का शीघ्र मरम्मत किए जाने हेतु लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता और विद्युत यांत्रिकी विभाग के अनुविभागीय अधिकारी को निर्देश दिए। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और तहसीलदार के न्यायालय में दर्ज राजस्व प्रकरणों के निराकरण की जानकारी ली और निर्देशित किया कि लंबित राजस्व प्रकरणों का शतप्रतिशत निपटारा 45 दिवस के भीतर करें। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व प्रकरणों को ऑनलाईन दर्ज करें और समय सीमा के भीतर शतप्रतिशत प्रकरणों का निराकरण करें। कलेक्टर ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा आमदनी प्रमाण पत्र आवेदकों को समय पर प्राप्त हो, इस कार्य को प्राथमिकता से करें। उन्होंने लोक सेवा केन्द्र में प्राप्त आवेदनों का भी निर्धारित समय पर निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वहॉ रिकार्ड रूम का अवलोकन किया और रिकार्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील कार्यालय तथा परिसर को स्वच्छ रखने तथा कोविड-19 के गाईडलाईन का पालन करते हुए कार्यालय संचालन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि वे तहसील कार्यालय का निरीक्षण करने पुनः आएंगे। इस अवसर पर एस.डी.एम. श्री ऋषिकेश तिवारी, तहसीलदार श्री आर.आर.दुबे मौजूद थे।
कलेक्टर ने किया जिला कोविड-19 अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण, देखी व्यवस्था
कलेक्टर जन्मेजय महोबे आज यहॉ जिला कोविड-19 अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहॉ भर्ती मरीजों, उपलब्ध दवाईयों आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने जिला कोविड-19 अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित रखने हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. एस.एस.देवदास, डॉ. देवेन्द्र साहू, डॉ. वर्मा आदि मौजूद थे।
बालोद कलेक्टर ने जिला कोविड अस्पताल सहित डौण्डीलोहारा के तहसील कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, पढ़िए क्या दिए निर्देश?
