भानुप्रतापपुर – गोपनीय सैनिक की सड़क किनारे लाश मिलने से एक बार फिर लोहत्तर थाना चर्चा में आ गया है क्योंकि सैनिक लोहत्तर थाना में ही पदस्थ था। सैनिक पिछले एक साल से थाना से गायब था। लाश मिलने के 24 घंटे बाद भी गोपनीय सैनिक की संदेहास्पद मौत का कारण पुलिस नहीं बता पा रही है। बुधवार 16 जून सुबह भानुप्रतापपुर में दल्ली रोड में टायर दुकान के निकट लोहत्तर थाना में पदस्थ गोपनीय सैनिक रमेश नुरूटी 30 साल की लाश सड़क में खून से लथपथ पाई गई है। गोपनीय सैनिक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच में पता चला मृतक लोहत्तर थाना से पिछले एक साल से गायब है और वर्तमान में वह भानुप्रतापपुर तहसीलपारा में रह रहा था। सैनिक के सिर में चोट है जो उसकी मौत का कारण बना। चोट कैसे लगी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टर भी नहीं बता पा रहे हैं कि चोट किस चीज से लगी है। पुलिस भी मौत का कारण जानने पोस्टमार्टम रिर्पोट का इंतजार कर रही है। पुलिस मौत के पीछे हादसे की भी आशंका जता रही है। जांच में एक दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा मिला है जिसका रेंज घटनास्थल तक होना बताया जा रहा है। फुटेज से कुछ क्लू मिल सकता है।बताया जाता है कि
गोपनीय सैनिक रमेश नुरूटी अपनी पत्नी व बच्चों के साथ भानुप्रतापपुर संजयपारा में एक परिचित के घर विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम में ज्यादा भीड़ नहीं थी। रात 10.30 बजे तक से देखा गया था। इसके बाद वह अचानक वहां से गायब हो गया। पत्नी ने तलाश किया, नहीं मिला तो रात 11 बजे बच्चों को लेकर बाजारपारा के रास्ते वापस घर आ गई जबकि लाश हाईवे पर मिली है। वहीं
गोपनीय सैनिक की मौत के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि आखिर वह एक साल से थाना क्यों नहीं जा रहा है? वहां से भागकर भानुप्रतापपुर में क्यों रह रहा था? सूत्रों के अनुसार पुलिस ने उसे दोबारा बुलाया था लेकिन उसने लोहत्तर थाना जाने से इंकार कर दिया था। सैनिक की मौत के साथ ही यह राज भी दफन हो गया की आखिर वह लोहत्तर थाना क्यों नहीं जाना चाहता था।
