DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

घर से भागी दुल्हन प्रेमी के साथ चारामा में मिली, एसडीएम कोर्ट में कहने लगी मैं इसी के साथ रहूंगी, पति ने भी अपनाने से किया इनकार

बालोद/ डौंडी। विगत दिनों ग्राम आमाडुला से एक दुल्हन शादी के 2 दिन बाद रात को 1 बजे फरार हो गई थी। जो 13 मई को चारामा से बरामद हुई। जिसे वहां की पुलिस ने अपने पास सुरक्षित रखा था। दरअसल में दुल्हन अपने प्रेमी युवक के साथ थी। प्रेमी युवक चारामा के ग्राम बोथा गांव का रहने वाला है। उसकी गुमशुदगी का मामला चारामा थाने में दर्ज था। जिसके मिलने के बाद पुलिस उसे पकड़ कर थाने में ले आई थी। जो कि इस दुल्हन के साथ ही था। फिर डौंडी पुलिस सूचना पाकर चारामा थाने पहुंची और दुल्हन को वापस ले गई। 14 मई को एसडीएम कोर्ट में पेश करने पर दुल्हन कहने लगी कि मैं अपने प्रेमी के साथ ही रहूंगी। मेरी मर्जी के खिलाफ शादी हुई थी। मैं यह शादी नहीं करना चाहती थी। अपने पति के घर नहीं जाऊंगी। कोर्ट ने फिर दुल्हन को उनके प्रेमी के साथ भेज दिया। इधर आमाडुला के रहने वाले पति ने भी पत्नी के इस हरकत को देख कर उसे अपनाने से इंकार कर दिया और कहा कि उसकी जहां खुशी वहां रहे। मैं नहीं रखना चाहता। जहां जाना है चली जाए। कुल मिला कर मामला फिल्मी हो गया और पुलिस ने भी राहत की सांस ली जो फरार दुल्हन मिल गई। बताया जाता है कि दुल्हन ने शादी से पहले घर वालों को बताया था कि वह यह शादी नहीं करना चाहती। दूसरे से प्यार करती है फिर भी घर वालों ने उसकी शादी की थी और इससे वह नाराज थी और मौका पाकर रात को बाइक में अपने प्रेमी को बुलाकर वह पति के घर से भाग गई।
कांकेर जिले के भैसाकन्हार गांव में रहने वाली उक्त लड़की की शादी 2 मई 2021 को हुई। 3 मई को लड़की अपने ससुराल आ गई। 3 मई को कोविड गाइडलाइन के खिलाफ घर में भीड़ जुटी और शादी का जश्न मनाया जा रहा था। इसी बीच भीड़ की जानकारी पुलिस व जिला प्रशासन की टीम मिली, तो तुरंत ही दूल्हे के घर में दबिश भी दी गई थी। इसका फायदा उठाकर दुल्हन उसी रात करीब 1 बजे अपनी ससुराल से फरार हो गई।

खूब तलाश की पर नहीं मिली दुल्हन
इस अफरातफरी के बाद दूसरे दिन दुल्हन के मायके और ससुराल वालों ने खूब तलाशने की कोशिश की। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। अंत में दुल्हन के ससुराल और मायके वालों ने 4 मई को डौंडी थाने में जाकर नवविवाहिता के गुम हो जाने की रिपोर्ट लिखवाई थी।

डौंडी थाना प्रभारी अनिल ठाकुर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पता चला कि नवविवाहिता अपने प्रेमी के घर है। 13 मई को दोनों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। यहां पूछताछ में लड़की ने बताया कि ये शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हुई है। वो अपने प्रेमी के साथ घर बसा चुकी है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को SDM कोर्ट में पेश किया। यहां भी लड़की ने कोर्ट से कहा कि वो अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। फिर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी के हवाले कर दिया।

पहले से था भागने का प्लान इसलिए रेकी करता रहा
3 मई को दीपिका नेताम (22 वर्ष) की ससुराल आमाडुला गांव (बालोद) में आशीर्वाद समारोह का कार्यक्रम हो रहा था। इसी दौरान आधी रात को दीपिका अपने प्रेमी टकेश्वर श्वेत (23 वर्ष) के साथ बाइक से फरार हो गई । भागने के लिए दोनों ने पहले से प्लान बनाकर रखा था। प्रेमी उस दिन सुबह से लगातार बाइक से दीपिका की ससुराल में पहले से पहुंचकर रैकी कर रहा था। प्लान के मुताबिक जब देर रात हुई तो दीपिका बाथरुम जाने के बहाने से बाहर निकलकर आई, फिर वहां पहले से मौजूद प्रेमी के साथ फरार हो गई।

You cannot copy content of this page