DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गांव में नहीं थम रही अवैध शराब की बिक्री, यात्री बस भी बना तस्करी का जरिया

बालोद/जगन्नाथपुर। जगन्नाथपुर सहित आसपास का गांव इन दिनों अवैध शराब बिक्री का गढ़ बना हुआ है। लगातार एक के बाद एक यहां शराब कोचिये पनप रहे हैं। पहले भी बालोद पुलिस द्वारा दो से तीन कोचियों की गिरफ्तारी के बाद भी आरोपी जेल से छूटने के बाद नहीं सुधर रहे हैं और लगातार शराब बिक्री को अंजाम दे रहे हैं। अब एक नया मामला और सामने आया है। जगन्नाथपुर का ही रहने वाला आरोपित राजेश साहू पिता स्वर्गीय पुनाराम साहू को अर्जुंदा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जोकि अर्जुंदा शराब दुकान से 20 पव्वा  शराब लेकर बस में आने की तैयारी कर रहा था। मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने उसे अर्जुंदा के दाऊ पारा चौक के पास ही गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ धारा 34(1) क आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। इसके पहले भी गांव में 2 से 3 लोगों की गिरफ्तारी बालोद पुलिस द्वारा भी की गई थी।

क्या बोले सरपंच

  सरपंच अरुण साहू ने बताया कि लगातार यह अवैध शराब बिक्री की शिकायत बढ़ रही है। तो वहीं गांजे की शिकायत भी सामने आ रही है। इससे गांव का माहौल भी खराब होने लगा है।छोटे-छोटे बच्चे और युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं। जिससे उनका भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। इस दिशा में शासन प्रशासन और पुलिस को भी ठोस कदम उठाने की जरूरत है। हमने इस संदर्भ में एसपी कलेक्टर को ज्ञापन देकर अवगत कराया है।
 पार्ट टाइम शराब बिक्री बन गया धंधा
कुछ लोग तो ऐसे भी हैं जो कई बार पकड़े जाने के बाद भी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं और दोबारा शराब बिक्री के धंधे में संलिप्त हो रहे हैं। एक तरह से उनके लिए शराब बेचना पार्ट टाइम धंधा बन गया है। बाकी समय वह कुछ और काम करते हैं और शाम होते ही ब्लैक में शराब बिक्री शुरू हो जाती है। देखते-देखते शराब कोचिये व अवैध रूप से बेचने वालों की संख्या दिन-ब-दिन जगन्नाथपुर व आसपास के गांव में बढ़ती जा रही है। जो चिंतनीय है।

 क्या कह रही पुलिस

 बालोद थाना प्रभारी गैंदसिंह  ठाकुर का कहना है कि समय समय पर जब भी मुखबिर से सूचना मिलती है छापा मारकर शराब बेचने वालों को पकड़ा जाता है। बालोत क्षेत्र में भी  कार्रवाई जगन्नाथपुर के आरोपितों के खिलाफ पहले भी हुई है। दो आरोपी जेल भी भेजे गए थे। वहीं अर्जुंदा थाना के उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह नूरेसिया ने बताया कि जगन्नाथपुर के रहने वाले आरोपी राजेश कुमार साहू को  20 पव्वा के साथ गिरफ्तार किया गया है। जो कि प्लास्टिक थैला में शराब भरकर अवैध रूप से बिक्री करने के लिए अपने पास रखा था और दाऊ पारा चौक के पास बस का इंतजार कर रहा था। मुखबिर की सूचना मिलने के बाद उसे पकड़ा गया।  
 सरकार का नियम ही है गलत इसलिए अवैध बिक्री को भी मिल रहा बढ़ावा

जनपद सदस्य जगन्नाथपुर निवासी छगन देशमुख ने कहा कि एक तरफ जहां भूपेश सरकार शराबबंदी की बात करती है लेकिन अब तक ऐसा कुछ हो नहीं पाया है। तो वही शराब बिक्री के नियम भी गलत होने के चलते अवैध शराब बिक्री को भी बढ़ावा मिल रहा है। शासन द्वारा एक ग्राहक को 16 पौवा खरीदी की छूट दी गई है। जिससे कोई भी ग्राहक दुकान से 16 पौवा लाकर उसे गांव स्तर पर ब्लैक में ज्यादा दाम पर बेचते हैं। इससे अन्य जो मदिरा प्रेमी होते हैं उन्हीं से शराब खरीद लेते हैं। उन्हें बालोद या अन्य दुकान जाने की जरूरत नहीं पड़ती है। इससे खुद-ब-खुद अवैध बिक्री होने लगती है और फायदे के चलते कई लोग अब इस कारोबार से भी जुड़ने लगे हैं। जिससे शराब बिक्री भी बढ़ रही है। सरकार को आबकारी के नियमों में संशोधन करना चाहिए। 

You cannot copy content of this page