कब्जाधारियों के खिलाफ लामबंद हुए भोथली के ग्रामीण, कलेक्टर को शिकायत करने पहुंचे सरपंच और पंच



बालोद । गुरूर ब्लाक के ग्राम पंचायत भोथली में लगातार बढ़ते तालाब किनारे अवैध कब्जे को लेकर अब पंचायत प्रतिनिधि कलेक्टर की शरण में आ गए हैं। बुधवार को मामले में शिकायत करते हुए सरपंच पुरुषोत्तम साहू सहित अन्य पंच गण कलेक्टर के पास ज्ञापन सौंपने के लिए बालोद पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर मीटिंग में व्यस्त होने के कारण सरपंच व पंचों ने डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान को ज्ञापन सौंपा।

सरपंच पुरुषोत्तम साहू ने बताया कि गांव के लगभग 11 लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। जिन्हें कई बार कब्जा हटाने के लिए कहा गया है। पंचायत द्वारा उन्हें नोटिस भी दिया गया है। पर वे नहीं मान रहे हैं। जिसके चलते हमें यहां आना पड़ रहा है। सरपंच व सभी पंचों ने मिलकर अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की। इस दौरान सरपंच ने यह भी कहा कि तालाब पार में नौ लोगों द्वारा अवैध कांप्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। जिन्हें तीन बार नोटिस दिया जा चुका है। परंतु आज तक अवैध कब्जा धारियों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है। अवैध कब्जा नहीं हटाया जा रहा है। तहसीलदार गुरुर में भी आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है। ग्रामीणों ने मांग किया कि जल्द से जल्द अवैध कब्जा धारियों को बेदखल किया जाए। गलत तरीके से जो कॉन्प्लेक्स बनाया गया है उन्हें भी तोड़ा जाए। पंचायत की योजना है कि हम वहां पर सरकारी कॉन्प्लेक्स बनाएं जिन्हें फिर विधिवत आवंटन करें लेकिन इस तरह से गांव के कुछ लोग जबरदस्ती वहां सरकारी जमीन पर कब्जा करके कांप्लेक्स बना रहे हैं जो गलत बात है और इसके चलते गांव में अशांति का माहौल बढ़ने लगा है। गांव के तालाब किनारे व शिशु मंदिर के सामने अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर 16 दिसंबर 2020 को तहसीलदार को भी ज्ञापन दिया गया था, पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है ।

सरपंच व पंचों द्वारा दिए गए ज्ञापन को पढ़कर तत्काल डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान ने मामले को संज्ञान में लिया व गुरुर तहसीलदार को वहीं पर से ही फोन करके इस संबंध में कार्यवाही का विवरण पूछा कि आखिर मामला क्या है और क्यों कार्यवाही नहीं हो रही है, मामला कहां लटका हुआ है? तहसीलदार ने मामले को देख कर बताने की बात कही। इसके बाद अभिषेक दीवान ने आश्वस्त किया कि इस पर जो भी होगा जल्द कार्रवाई करेंगे। अधीनस्थ कर्मचारियों को भी जल्द से जल्द मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।

यह पहुंचे थे ज्ञापन देने

कलेक्ट्रेट में बुधवार को ज्ञापन सौंपने के लिए सरपंच पुरुषोत्तम साहू के अलावा ईश्वरलाल, मनोज, डामन लाल, जोहित राम, ओम प्रकाश साहू, चुरामन, प्रवीण कुमार, भोज बाई, मोनिका, कांति बाई, जितेंद्र कुमार, वाकेश्वरी, कोमेश्वरी एवंतीन, इंद्रानी साहू, सुंदरी बाई, रुकमणी, हिरौंदी पहुंचे हुए थे।

इनके खिलाफ की गई शिकायत
अवैध कब्जा करने को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा प्रमुख रूप से 11 लोगों के नाम से सूची भी सौंपी गई है। जिसमें प्रमुख कब्जा धारियों में फ़गेश पिता खेदु राम महार, शांताराम पिता खेदु राम महार, गणेश पिता मैहर, गंगाराम पिता तनगुराम, संतोष पिता विक्रम, रामदास पिता तनगूराम, विष्णु पिता दृष्टिकराम, सरजू राम पिता दुखुराम, रिखी राम पिता पुनसिंग, गेंद लाल पिता हृदय राम, उमेश पिता बलीराम शामिल है।

You cannot copy content of this page