DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

स्वास्थ्य मंत्री की घोषणा के बाद संलग्नीकरण खत्म होने की उम्मीद

स्वास्थ्य एवं बहुद्देशीय कर्मचारी संघ ने मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को दिया धन्यवाद

बालोद। छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में वर्षों से जारी कर्मचारियों के संलग्नीकरण (अटैचमेंट) को समाप्त करने की घोषणा के बाद स्वास्थ्य कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। इस फैसले का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य एवं बहुद्देशीय कर्मचारी संघ बालोद ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को धन्यवाद प्रेषित किया है।

विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत संलग्न कर्मचारी-अधिकारियों का अटैचमेंट समाप्त किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाने का भरोसा भी दिलाया है।

2019 में भी खत्म हुआ था अटैचमेंट

स्वास्थ्य एवं बहुद्देशीय कर्मचारी संघ बालोद के जिलाध्यक्ष घनश्याम पुरी ने बताया कि वर्ष 2019 में संघ के प्रयासों से पूरे संभाग में संलग्नीकरण समाप्त कराया गया था। उस समय तत्कालीन ज्वाइंट डायरेक्टर प्रभात पाण्डेय द्वारा आदेश जारी कर बालोद जिले के करीब 65 कर्मचारियों का अटैचमेंट समाप्त कर दिया गया था।

हालांकि कुछ वर्षों बाद फिर से कई कर्मचारियों और अधिकारियों का संलग्नीकरण शुरू हो गया, जिसके कारण कई स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी और कार्य व्यवस्था प्रभावित होने लगी।

जिले में अब भी कई कर्मचारी संलग्न

संघ के अनुसार वर्तमान में भी बालोद जिले में कई कर्मचारी और अधिकारी संलग्न होकर कार्य कर रहे हैं। ऐसे में अब स्वास्थ्य मंत्री की घोषणा के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही जिले में भी संलग्नीकरण पूरी तरह समाप्त किया जाएगा।

संघ ने किया फैसले का स्वागत

स्वास्थ्य एवं बहुद्देशीय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री द्वारा की गई घोषणा स्वागत योग्य और सराहनीय है। इससे स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता बेहतर होगी और मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

संघ ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार जल्द ही इस घोषणा को अमल में लाएगी और सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की मूल पदस्थापना के अनुसार कार्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

You cannot copy content of this page