गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ बालोद में युवक कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन



जय स्तंभ चौक पर पुतला दहन, महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार पर जमकर नारेबाजी

बालोद। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस ने बालोद में जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय युवा कांग्रेस के निर्देशानुसार और जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जय स्तंभ चौक बालोद में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर अपना विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई के इस दौर में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाना आम आदमी के लिए बड़ा बोझ बन गया है। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण मध्यम और गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

महंगाई से आम जनता परेशान

प्रदर्शन के दौरान जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बाला और बाला बोकाडे सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के बाद अब रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि ने आम लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। उनका कहना था कि सरकार को तुरंत बढ़ी हुई कीमतें वापस लेनी चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

महिलाओं पर पड़ रहा सीधा असर

युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष साजन पटेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। बढ़ती कीमतों के कारण आम जनता त्रस्त हो चुकी है।

वहीं युवा कांग्रेस के महामंत्री आदित्य दुबे ने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर घर की रसोई पर पड़ता है और इसका सबसे अधिक बोझ महिलाओं पर पड़ता है। आज रसोई का खर्च चलाना गृहणियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेसजन के साथ युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page