DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गैस सिलेंडर को लेकर मची अफरातफरी, एजेंसियों में लंबी कतारें

युद्ध की आशंका और अफवाहों से बढ़ी एडवांस बुकिंग, प्रशासन बोला—जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता

बालोद। वैश्विक स्तर पर बने युद्ध जैसे हालात और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण बालोद जिले में घरेलू एलपीजी गैस को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती नजर आ रही है। संभावित किल्लत की आशंका के चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता एडवांस में गैस सिलेंडर बुकिंग कर रहे हैं, जिसके कारण गैस एजेंसियों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

शहर की कई गैस एजेंसियों में सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। एजेंसी संचालकों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग का ओटीपी या मैसेज आता है, उसी क्रम में सिलेंडर दिया जा रहा है। अचानक बढ़ी मांग के कारण कई बार कुछ समय के लिए सिलेंडर स्टॉक खत्म भी हो जा रहा है।

उपभोक्ताओं ने बताई अपनी परेशानी

बालोद इंडेन गैस एजेंसी पहुंचे कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस लेने के लिए उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक उपभोक्ता ने बताया कि वह सुबह गैस एजेंसी पहुंचा तो वहां पहले से ही काफी भीड़ थी।

उपभोक्ता के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग करने पर कई बार “स्विच ऑफ” का मैसेज आ रहा था। इसके बाद उन्हें गैस एजेंसी के कार्यालय जाकर ही ऑनलाइन बुकिंग करानी पड़ी।

उन्होंने बताया कि बुकिंग के बाद जब सिलेंडर लेने पहुंचे तो उस समय सिलेंडर का स्टॉक खत्म हो चुका था। एजेंसी की ओर से उन्हें बताया गया कि रायपुर से गैस की गाड़ी आने के बाद शाम को सिलेंडर दिया जाएगा

उपभोक्ताओं का कहना है कि फिलहाल कई लोग गैस के लिए परेशान नजर आ रहे हैं और एजेंसी के बाहर भीड़ बनी हुई है।

एजेंसियों में अचानक बढ़ी भीड़

गैस एजेंसी कर्मचारियों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में इन दिनों गैस लेने वालों की संख्या काफी बढ़ गई है। एक कर्मचारी ने बताया कि सुबह करीब 12 बजे तक लगभग 100 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर दिया गया, जिसके बाद स्टॉक खत्म हो गया था। बाद में दोपहर करीब 2 बजे दोबारा गैस वितरण शुरू किया गया

उपभोक्ताओं में डर का माहौल

गंजपारा निवासी उमेश सोनवानी ने बताया कि गैस सिलेंडर को लेकर शहर में लगभग मारा-मारी जैसी स्थिति बनती जा रही है। उनका कहना है कि लोग इस डर से गैस लेने दौड़ रहे हैं कि आगे सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान जिस तरह जरूरी सामान के लिए भीड़ लगती थी, कुछ वैसा ही माहौल अब गैस सिलेंडर को लेकर देखने को मिल रहा है।

प्रशासन ने ली एजेंसी संचालकों की बैठक

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने गैस एजेंसी संचालकों की बैठक भी ली है। अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा ने संयुक्त जिला कार्यालय में जिले के 11 एलपीजी एजेंसी संचालकों की समीक्षा बैठक लेकर उपभोक्ताओं को सुव्यवस्थित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति, बुकिंग व्यवस्था और घरेलू सिलेंडर के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक

बैठक में एजेंसी संचालकों ने प्रशासन को जानकारी दी कि बालोद जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

बताया गया कि बालोद क्षेत्र में बुकिंग के बाद 5 से 6 दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है, जबकि अन्य क्षेत्रों में अधिकतम 5 दिनों के भीतर रिफिल उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रशासन की अपील—अफवाहों पर ध्यान न दें

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों के अनुसार जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को जरूरत के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर लेने के बजाय सामान्य तरीके से बुकिंग करने की अपील की है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके और किसी को परेशानी न हो।

You cannot copy content of this page