DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सुरक्षित और स्वच्छ होली का संदेश: घड़ी चौक में जनजागरूकता अभियान

कलेक्टर के निर्देश पर समाजसेवी संस्थाओं ने दिया नशामुक्ति व सड़क सुरक्षा का संदेश

धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार घड़ी चौक में नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल बचाव–जीवन बचाव तथा स्वच्छता को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, धमतरी, जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संगठन, वरदान परमार्थ सेवा समिति, जननी सेवा संगठन तथा फ्रीडम फिजिकल एकेडमी सहित विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान चौक से गुजर रहे नागरिकों को जागरूकता संदेशों के माध्यम से समझाइश दी गई कि आगामी होली पर्व को शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाया जाए। विशेष रूप से नशे से दूर रहने, वाहन सावधानीपूर्वक चलाने, पानी की अनावश्यक बर्बादी न करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया गया।

संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कहा कि होली जैसे त्योहार सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक होते हैं, इसलिए इन्हें जिम्मेदारी और संयम के साथ मनाना आवश्यक है। नशे की प्रवृत्ति न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और सामाजिक अव्यवस्था का कारण भी बनती है। इसी प्रकार जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे विषयों को भी त्योहारों के दौरान विशेष रूप से ध्यान में रखना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने गीत, नारे और संवाद के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। आकाश गिरी गोस्वामी, शिवा प्रधान, एल. के. साहू, मोहनी साहू, ऋतु प्रधान, भावना मरकाम, मंजू टेमरे, भारती सोनी, डॉ. गणेश प्रसाद साहू, शेष नारायण गजेन्द्र, खोमन लाल साहू, शत्रुघ्न पांडे, लय चंद्राकर एवं होमेश्वर प्रसाद चंद्राकर सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

जनजागरूकता अभियान का उद्देश्य केवल संदेश देना नहीं, बल्कि लोगों में व्यवहारिक परिवर्तन लाना है। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी प्रेरित करें, ताकि होली का पर्व खुशियों, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ मनाया जा सके।

You cannot copy content of this page