DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

धान खरीदी में राहत: मुख्यमंत्री के निर्देश पर 5–6 फरवरी को अतिरिक्त दो दिन, बालोद के किसानों को मिलेगा लाभ

बालोद। प्रदेश के किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर धान खरीदी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत प्रदान की गई है। राज्य सरकार ने विशेष निर्णय लेते हुए तीन श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस—05 एवं 06 फरवरी 2026—तक धान खरीदी की अनुमति दी है, जिससे बालोद सहित प्रदेश के हजारों किसानों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार निम्न तीन प्रकार के किसान इस अतिरिक्त अवधि में धान बेच सकेंगे—

ऐसे किसान जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन हेतु आवेदन किया था, किंतु उनका सत्यापन नहीं हो पाया था।

ऐसे किसान जिन्होंने 10 जनवरी के बाद आवेदन किया तथा सत्यापन उपरांत उनके पास धान उपलब्ध पाया गया।

ऐसे किसान जिन्हें 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन मिला था, पर किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर सके।

राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता तथा उनकी उपज के सुरक्षित और सुचारु विक्रय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि बालोद क्षेत्र में धान खरीदी की अव्यवस्था और समय-सीमा तक धान विक्रय नहीं हो पाने की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता कृष्णकांत पवार ने किसानों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। पूर्व विधायक कुमारी मदन साहू, नरेश साहू सहित अनेक किसानों ने उन्हें बताया कि टोकन जारी करने की प्रक्रिया 15 दिन पूर्व बंद होने तथा अंतिम समय में खरीदी केंद्रों की सीमा आधी कर देने जैसी प्रशासनिक खामियों के कारण कई किसान धान बेचने से वंचित रह गए।

इस पर श्री पवार ने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों से जानकारी लेकर संगठन के वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से दूरभाष पर चर्चा कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रदेशभर की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निराकरण के निर्देश दिए।

भाजपा नेता कृष्णकांत पवार ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन किसानों को बड़ी राहत मिली है, जो टोकन मिलने के बावजूद धान विक्रय नहीं कर पाए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के सर्वतोमुखी हितों की रक्षा एवं उनकी खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page