बालोद जिले में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं, कोई गड़ा धन दिलाने के नाम पर तो कोई झाड़ फूंक से इलाज तो कोई पैसे 10 गुना करने के नाम पर कर रहे धोखाधड़ी
बालोद। बालोद जिले में लगातार मटका गैंग यानि गड़ा धन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले सक्रिय है। इस गैंग में कोई भिलाई तो कोई रायपुर तो कोई पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से आकर संदिग्ध गिरोह बालोद जिले में घूम रहे हैं। जो लोगों को अधिकतर गड़ा धन दिलाने तो कोई लंबी बीमारी को दूर करने तो कोई धन को 5 से 10 गुना करने का झांसा दे रहे हैं। पढ़े लिखे लोग भी लालच के फेर में ऐसे धोखेबाजों के चंगुल में फंस रहे हैं। लगातार बालोद पुलिस द्वारा साइबर क्राइम और अंधविश्वास से भी सचेत किया जा रहा है। इसके बावजूद लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। हाल ही में बालोद थाने में दो नए मामले सामने आए हैं। जो अंधविश्वास से जुड़े हुए हैं। तो वहीं इसके पहले बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जगन्नाथपुर में भी गड़ा धन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने का एक मामला भी सामने आ चुका है। हालांकि उक्त मामले में आरोपी पकड़े नहीं जा सके और समय रहते ठगी का पता चलने पर पीड़ित परिवार भी सचेत हो गया।
देखिए ताजा मामले किस तरह हो रही अंधविश्वास और लालच का फायदा उठाकर ठगी
केस 1

बालोद के गंजपारा स्थित ईट भट्टा में तंत्र-मंत्र से रकम दोगुना करने का झांसा देकर ग्राम बिजोरा (डौंडीलोहारा) निवासी व्यापारी जालम चंद जैन सहित 4 लोगों से 5 लाख 22 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है। बालोद थाने में महाराष्ट्र की एक महिला मंदा पासवान के खिलाफ धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। बालोद पुलिस के अनुसार जालम चंद जैन ने जानकारी दी है कि ग्राम कोचेरा (लोहारा) के मुकुंद लाल साहू ने 6 अगस्त को कॉल कर बताया कि ग्राम मारेगांव यवतमाल महाराष्ट्र में मंदा पासवान नाम की महिला है। जो पूजा पाठ कर रकम को दोगुना कर देती है। उसकी बात में भरोसा कर पूजा पाठ करने तैयार हो गया। मंदा पासवान से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि पूजा पाठ के समय रखे रकम को तंत्र-मंत्र कर 10 गुना तक बढ़ा देती हूं। इसकी जानकारी दोस्त रघुनाथ सागर कोहंगाटोला को दिया। 8 अगस्त को मुकुंद साहू ने मुझे बताया कि मंदा पासवान पूजा पाठ करने आने वाली है, उसे लेने राजनांदगांव जाना है। जिसके बाद ग्राम खोलझर निवासी संतराम साहू के स्कॉर्पियो में मैं, संत साहू, मुकुंद साहू के साथ महिला को ले जाने पहुंचे। महिला ने कॉल कर पूजा के लिए सामान बताई। जिसे राजनांदगांव से खरीदे। राजनांदगांव में महिला मिली, जिसके बाद बालोद में पूजा पाठ करने के लिए पहुंचे। रात 8 बजे हॉरिजोन स्कूल के आगे ईंट भट्ठा में पूजा पाठ के लिए दो घड़ा रखवाकर इसमें पैसा रखने के लिए कहा जिसके बाद मैंने 2.50 लाख, मुकुंद साहू के 80 हजार, रघुनाथ के एक लाख, संत साहू के 92 हजार कुल 5 लाख 22 हजार रुपए को पूजा स्थल में रख दिए। जिसके बाद मंदा पासवान पैसे को रखकर कचहरी चौक बालोद में पूजा करना है कहकर रघुनाथ सागर के साथ रात 10 बजे बाइक से निकल गई। थोड़ी देर बाद रघुनाथ सागर वापस पूजा स्थल पर नींबू लेने के लिए आया। जब नींबू लेकर रात 10.30 बजे कचहरी चौक बालोद पहुंचे तो महिला गायब थी। पूजा पाठ के बहाना 5.22 लाख लेकर फरार हो गई।
केस 2

बालोद से लगे ग्राम झलमला में किराए के मकान में निवासरत बीमार एसआई को पूजा पाठ से ठीक करने का झांसा देकर उनकी पत्नी से नकद 1 लाख 67 हजार, एक लाख 5 हजार के जेवरात लेकर तीन आरोपी फरार हो गए हैं। आरोपियों में दो महिला व एक पुरुष शामिल है। पुलिस के अनुसार ग्राम खैरवाही डौंडी निवासी घनेश्वरी ठाकुर ने जानकारी दी है कि पति पुलिस विभाग में उप निरीक्षक के पद पर बेमेतरा में कार्यरत है। वर्ष 2023 में साजा बेमेतरा में पदस्थापना के दौरान बिरनपुर घटना में चोट लगने से इलाज के लिए ग्राम झलमला में पिछले एक साल से किराए के मकान मं निवासरत है। 26 सितंबर को एक महिला व एक पुरूष को लेकर आई और मुझे आटा, पीढ़ा और चावल एवं दीया मांग कर अपने साथ लाए मूर्ति को रखकर पूजा पाठ किया। साहब का बीमारी बढ़ जाएगा कहकर डरा दिया। इस वजह से पति के इलाज के लिए रखे 1 लाख 67 हजार रुपए को पूजा स्थल में रखी। उसके बाद सोने-चांदी के जेवरात चढ़ाने पर काम पूरा होने की बात कही गई। जिसके बाद एक लाख के दो मंगलसूत्र, 5 हजार के चांदी का पायल को रखी। पैसे व जेवरात को घर के माता के आसन में छुआकर फरार हो गए। दो अज्ञात महिला एवं एक पुरुष तीनों ने धोखाधड़ी की है। बालोद थाने में अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
केस 3

जगन्नाथपुर के एक युवक और उनके परिवार के लोगों के साथ भिलाई के एक पठान बैगा के द्वारा एक मुसलमान युवक के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने का प्रयास किया गया। नाम प्रकाशित न करने की शर्तों पर पीड़ित युवक ने बताया कि एक मुसलमान युवक ने मुझसे संपर्क करते हुए कहा कि तुम्हारे घर गड़ा धन मिल सकता है, पूजा पाठ करवाओगे तो बताओ फिर उनके परिवार वालों को यह बात बताने पर सभी लालच में आकर पूजा पाठ कराने तैयार हो गए। फिर एक रात एक मुसलमान युवक भिलाई क्षेत्र के किसी पठान बैगा को कार में लेकर आया। घर के पूजा कक्ष में दोनों ने गोपनीय पूजा की और हमें कुछ देर के लिए बाहर रहने कहा गया। पूजा के अंत में हमें कमरे के अंदर बुलाया गया तो हमने देखा कि गड्ढे के बीच मिट्टी के मटके में सोने चांदी से भरा खजाना नजर आ रहा था। युवक ने बताया कि इसकी मैंने अपने मोबाइल में तस्वीर भी ली। यह कोई इंद्रजाल भ्रम था यह ठगी का कुछ नया तरीका मुझे समझ नहीं आया, मोबाइल में भी खजाने की तस्वीर कैद हो गई। साथ ही खजाने के पास में बैठा एक सांप जैसा भी कुछ दिख र रहा था। फिर पठान बैगा के द्वारा कहा गया कि अभी यह खजाना अपवित्र है। सर्प इसकी रक्षा कर रहा है। इसे पवित्र करने के लिए और पूजा करनी है। जो बाद में होगी। अभी फिलहाल इस खजाने को हम ढक कर जा रहे हैं। इसे कोई खोलकर नहीं देखना है अन्यथा सर्प डस सेगा। इसके बाद पठान बैगा चले गए । कुछ दिन बाद जब परिवार के अन्य लोग किसी कार्यक्रम में बाहर गए थे तो युवक घर पर अकेला था। तो उन्हें ख्याल आया कि क्या वाकई में खजाना गड्ढे के अंदर मटके में है या नहीं? एक बार देखूं.. । उन्होंने हिम्मत करके अंदर सर्प होने के डर के साथ फर्श को हटाकर देखा तो वहां गड्ढे में कुछ नहीं था, सब कुछ गायब था। इससे युवक को समझ आ गया कि पठान बैगा और युवक मिलकर उनके साथ धोखाधड़ी करने का प्रयास कर रहे थे। युवक ने बताया कि प्रारंभिक पूजा पाठ के लिए उनसे लगभग ₹7000 का पूजन सामग्री मंगवाया गया था। इसके बाद कोई विशेष पूजा को संपन्न करने के लिए लाखों की डिमांड की जा रही थी। उनके पास तत्काल में पैसे नहीं थे इसलिए वह पूजा को रुकवाए थे। पर युवक को समय रहते ठगी का पता चल गया। उन्होंने इस बात की जानकारी बालोद पुलिस थाने में भी दी है।
