मकान के भूतल में चल रहा था मतांतरण का खेल : अवैध प्रार्थना सभा में पहुंचे थे दूसरे जिले के लोग



विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के साथ पुलिस ने दी दबिश 22 लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई, 8 लोगों को भेजा गया जेल

बालोद। गुंडरदेही धमतरी मुख्य मार्ग पर चैनगंज के एक निजी मकान में रविवार सुबह अवैध रूप से सामूहिक प्रार्थना करते 40 से 45 लोगों को गुण्डरदेही पुलिस ने पकड़ा था। जानकारी के मुताबिक अधिकांश लोग दुर्ग जिला के रहने वाले हैं जो लगातार क्षेत्र में धर्मांतरण कराने एवं अवैध रूप से प्रार्थना सभा कराने का काम कर रहे हैं। एक मकान के भूतल को ही चर्च का रूप देकर यहां बाहर से आने वाले लोग लोगों को प्रलोभन दिखाते हुए मतांतरण करवाते हैं। इस मामले की शिकायत पर 22 लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्यवाही की है। जिसमें आठ पुरुषों पर प्रतिबंधात्मक धारा के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। साथ ही 14 महिलाओं पर भी कार्यवाही की गई। आपको बता दें कि विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुण्डरदेही नगर के चैनगंज वार्ड में खलारी नाला से पहले एक निजी मकान में कुछ ईसाई पास्टर द्वारा लोगों को एकत्र कर धर्मांतरण करने एवं अवैध रूप से प्रार्थना सभा करने की लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद गुण्डरदेही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 40 से 45 महिला पुरुषों को थाना लाया गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के लोगों के साथ जब गुण्डरदेही पुलिस की टीम मौके पर दबिश दी तो नजारा देख लोगों के होश उड़ गए । मकान के भूतल को पूरी तरह से चर्च में तब्दील कर दिया गया था। जो बाहर से देखने पर नजर ही नहीं आता था कि अंदर मकान में मतांतरण का खेल चलता है।

दूर-दूर से बड़ी संख्या में महिलाएं, छोटी बच्चियों को लेकर पहुंची थी और वहां प्रार्थना की तैयारी की जा रही थी। थाना प्रभारी मनीष सिंडे के द्वारा पूछताछ करने पर लोग गोल-गोल जवाब दे रहे थे। बड़ी संख्या में कार और बाइक से दूसरे जिले के लोग यहां प्रार्थना करने के लिए पहुंचे थे। हर रविवार को लोग यहां इकठ्ठा होते थे।

इस तरह चल रहा धर्म बदलवाने का खेल

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता ने बताया बालोद जिले के अंदर लगातार खासकर गुण्डरदेही क्षेत्र के कई गांवों में इस तरह हिंदू परिवारों के मतांतरण के उद्वेश्य से ईसाई मिशनरियों के पास्टर, पादरी के द्वारा भोलेभाले हिंदुओं को लालच देकर व बरगलाकर ईसाई धर्म में जोड़ने, ईसा मसीह की प्रार्थना करने को कहते हैं । यह मामला जिले के अंदर नया नहीं है। इससे पहले भी जिले के डौंडी, डौंडीलोहारा,अर्जुन्दा, गुरूर,दल्ली राजहरा जैसे नगरों में भी मामला सामने आ चुका है। विश्व हिंदू परिषद बालोद जिला संगठन ने कहा है कि मिशनरी के लोग घरों को ही चर्च का रूप देकर हिंदू धर्म समाज का मतांतरण का खेल खेल रहे है।

इन लोगों के खिलाफ हुई है कार्यवाही

प्रतिबंधात्मक धारा के तहत जिन पुरुषों के खिलाफ कार्रवाई की गई है उनमें आठ आरोपियों के नाम इस तरह है । हरख राम मेश्राम उम्र 50 साल निवासी खर्रा गुंडरदेही ,भागीरथी निषाद उम्र 46 साल निवासी गुंडरदेही, ओमकार सोनकर उम्र 26 साल निवासी गुंडरदेही, अगेश्वर निषाद उम्र 46 साल निवासी कोसागोंदी थाना सनौद, धनराज विश्वकर्मा उम्र 32 साल पड़कीपानी,थाना बागबाहरा जिला महासमुंद, बीरेंद्र निषाद उम्र 32 साल पता जनपद पंचायत के पीछे गुंडरदेही पियूष चंद्राकर उम्र 23 साल निवासी वार्ड 6 गुंडरदेही, टिकेश्वर मेश्राम उम्र 23 साल निवास खर्रा शामिल हैं। इसके अलावा महिलाओं पर भी कार्रवाई हुई है।

You cannot copy content of this page