शहर की सरकार चुनने सुबह से लगी कतार: बड़े बुजुर्गों से लेकर युवाओं ने निभाया अपना फर्ज, ईवीएम में कैद हुआ प्रत्याशियों का भाग्य, अब फैसला आएगा 15 फरवरी को



बालोद जिले के नगरीय निकायों में औसत 73.54% हुआ मतदान

बालोद। बालोद जिले के नगरीय निकायों में सुबह से ही मतदान को लेकर माहौल बना रहा। नए मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़े बुजुर्ग और उम्रदराज लोगों ने भी बढ़ चढ़कर इस मतदान की पर्व में हिस्सा लिया। अपने शहर की सरकार चुनने के लिए लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी दिखाई और मतदान किया। प्रत्याशियों का भाग्य अब ईवीएम में कैद हो गया है। जो 15 फरवरी को मतगणना के साथ सामने आएगा कि इस बार कौन कहां अध्यक्ष बन रहे हैं!

कलेक्टर ने भी किया मतदान

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने शासकीय नवीन प्राथमिक शाला जुर्रीपारा बालोद के मतदान केन्द्र क्रमांक 18 में पहुँचकर मतदान किया। इस दौरान श्री चंद्रवाल ने नगरीय निकाय के सभी मतदाताओं को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की।

सफलतापूर्वक एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ मतदान

नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत बालोद जिले के 08 नगरीय निकायों में सम्पन्न मतदान के लिए जिले के नगरीय क्षेत्रों के सभी वर्गों के मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ निर्वाचन के इस राष्ट्रीय कार्य में हिस्सा लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बालोद जिला प्रशासन द्वारा किए गए चाक-चौबंद व्यवस्था के फलस्वरूप जिले में बिना किसी अवरोध के शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से सफलतापूर्वक मतदान संपन्न हुआ है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियत तिथि एवं समय के अनुसार सभी मतदान केन्द्रों में मतदान कर्मियों द्वारा सुबह 08 बजे से मतदान प्रारंभ कर दिया गया था। मतदान कर्मियों द्वारा निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में सर्वप्रथम माॅक पोल संपन्न कराकर मतदान प्रारंभ कर दिया गया। जिले के 08 नगरीय निकायों के सभी मतदान केन्द्रों में सभी वर्ग के मतदाताओं ने मतदान के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। सुबह से ही सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं ने लाईन लगाकर बारी-बारी से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के प्रति नगरीय क्षेत्रों के मतदाता बहुत ही उत्साहित नजर आ रहे थे।

क्या कहा पहली बार मतदान करने वालों ने

जिला मुख्यालय बालोद के वार्ड नंबर 15 जुर्रीपारा स्थित शासकीय नवीन प्राथमिक शाला मतदान केन्द्र क्रमांक 18 में नगरीय निकाय निर्वाचन हेतु अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहली बार पहुँचे युवा मतदाता चन्द्रकांत उर्वशा अपने मताधिकार का प्रयोग को लेकर बहुत ही उत्साहित एवं प्रसन्नचित नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय आम निर्वाचन में उन्हें पहली बार अपने मताधिकार प्रयोग करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले लोकसभा आम निर्वाचन के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी करने के उपरांत उन्होंने आम निर्वाचनों में उन्हें पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग का सौभाग्य प्राप्त हुआ। युवा मतदाता चन्द्रकांत उर्वशा ने कहा कि आज उन्हें नगरीय निकाय आम निर्वाचन में मताधिकार के प्रयोग का अवसर प्राप्त होने से बहुत ही प्रसन्नचित एवं गौरवान्वित है। उन्होंने जिले के नगरीय निकायों के सभी मतदाताओं को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त एवं परिपक्व बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की।

60 साल के ऊपर के लोगों ने भी दिखाया जज्बा

इसी तरह जिला मुख्यालय बालोद के वार्ड नंबर 16 शिकारी पारा के मतदान केन्द्र क्रमांक 19 प्राथमिक शाला भवन में बुजुर्ग दंपत्ति श्री 68 वर्षीय श्री दुखित राम वर्मा एवं उनकी 60 वर्षीय धर्मपत्नी श्रीमती चित्ररेखा वर्मा ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पश्चात् बहुत ही प्रसन्नचित नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि हम दोनों पति-पत्नी के लिए सौभाग्य की बात है कि हमें नगरीय निकाय आम निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग कर निर्वाचन के इस राष्ट्रीय कार्य में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की।

दिव्यांगों ने भी किया मतदान

संपन्न नगरीय निकाय आम निर्वाचन में सभी वर्गों के मतदाताओं के साथ-साथ जिले के दिव्यांग मतदाता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में अपना योगदान देने के लिए पीछे नही रहे। वार्ड नंबर 16 शिकारी पारा बालोद के मतदान केन्द्र क्रमांक 19 प्राथमिक शाला भवन में व्हील चेयर में पहुँचकर 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रीमती कस्तुरी बाई यादव ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अपने उम्र के इस पड़ाव में मताधिकार का प्रयोग का अवसर प्राप्त होने पर बुजुर्ग महिला श्रीमती कस्तुरी बाई ने आज के इस पल को अपने लिए यादगार एवं सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की।

मतदान का फर्ज निभाने जन्म भूमि में पहुंचे बाहर से मतदाता

संपन्न मतदान के दौरान विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि अपने शहर के सरकार चुनने में जिले के नगरीय क्षेत्रों में निवासरत मतदाताओं के अलावा जिले के बाहर अन्य स्थानों पर निवासरत मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने में पीछे नही रहे। उन्होंने लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व को समझते हुए अपने कर्मभूमि से जन्मभूमि में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।इसी कड़ी में महानदी भवन मंत्रालय नवा रायपुर में कार्यरत जिला मुख्यालय बालोद के शिकारी पारा निवासी ढालेश्वर धुर्वे एवं अपनी धर्मपत्नी श्रीमती हिना धुर्वे के साथ शिकारी पारा मतदान केन्द्र में पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि वे अपने जीविकोपार्जन के लिए कही भी कार्य करते हो लेकिन अपने मताधिकार का प्रयोग करने से नही चुकते। इसी तरह जिले के सभी मतदान केन्द्रों में युवा, बुजुर्ग, महिला, दिव्यांग सहित सभी वर्ग के मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए शुद्ध पेयजल, बैठक तथा वेटिंग रूम आदि की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न रूप से निर्वाचन संपन्न कराने सुरक्षा की भी चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक मतदान केन्द्र में सुरक्षा बलों की तैनातगी सुनिश्चित की गई थी। इसके अलावा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशानुसार जिला एवं पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी, रिटर्निंग आफिसर, जोनल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स निर्वाचन कार्य की सतत् माॅनिटरिंग करते हुए निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।

जिले के नगरीय निकायों में 73.54 प्रतिशत हुआ मतदान

नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत आज 11 फरवरी को जिले के सभी 08 नगरीय निकायों में सफलतापूर्वक मतदान संपन्न हुआ। जिसमें नगरीय निकायों के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई। जिससे जिले के नगरीय निकायों में 73.54 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित हुआ। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चन्द्रकांत कौशिक ने बताया कि जिले के 08 नगरीय निकायों में कुल 73.54 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिसमें नगर पालिका परिषद बालोद में 75.14 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा में 65.96 प्रतिशत, नगर पंचायत गुरूर में 86.88 प्रतिशत, नगर पंचायत गुण्डरदेही में 84.48 प्रतिशत, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा में 82.54 प्रतिशत, नगर पंचायत डौण्डी में 81.93 प्रतिशत, नगर पंचायत चिखलाकसा में 74.22 प्रतिशत एवं नगर पंचायत अर्जुंदा में 77.83 प्रतिशत मतदान हुआ है।

You cannot copy content of this page