अब केंद्रीय विद्यालय को दल्ली में खोलने को लेकर आप भी कूदी मैदान में, धरना देकर नपा उपाध्यक्ष ने कहा दो माह में नहीं हुई मांगे पूरी तो पद से देंगे इस्तीफा, अन्य जनप्रतिनिधियों से भी मांगा समर्थन



शहर से जुड़ी अन्य मुद्दों को लेकर भी उठाई गई आवाज, धरना देकर निकाली रैली,एसडीएम को सौंपा ज्ञापन  

दल्लीराजहरा – आप पार्टी व नपा उपाध्यक्ष संतोष देवांगन के नेतृत्व में शनिवार को जैन भवन चौक में सुबह 11 बजे से एक दिवसीय धरना, विरोध प्रदर्शन किया गया ताकि दल्ली राजहरा नगर में पूर्व से प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय व 100 बिस्तर सरकारी हॉस्पिटल का निर्माण कार्य तत्काल चालू किया जाए व दोनों ही भवन के बनने से नगर के बेरोजगारो को रोजगार दिया जाए। केंद्र के भाजपा सरकार व प्रदेश के कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। नपा उपाध्यक्ष देवांगन ने कहा आगामी 2 माह के अंदर हमारे नगर में केंद्रीय विद्यालय व 100 बिस्तर का सरकारी हॉस्पिटल का निर्माण कार्य चालू नही किया गया तो 23 मार्च शहीद दिवस के दिन हमारे द्वारा इन दोनों मांगो को पूरा कराने के लिए उग्र से उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने घोषणा किया कि दल्ली राजहरा नगर में ये दोनों योजना नही आया तो वे अपने उपाध्यक्ष (जनप्रतिनिधि) पद से इस्तीफा दे देंगे। क्योकि नगर के जनप्रतिनिधि होने का फायदा अगर नगर को न हो तो किस बात का जनप्रतिनिधि। मुझे पद त्यागना मंजूर होगा। लेकिन चुप रहकर दल्ली राजहरा नगर को बर्बाद होते देखना मंजूर नही। उन्होंने कहा लेकिन मेरे एक के इस्तीफा से कुछ नही होगा। मैं चाहता हूं की नगर विकास के लिए व अपने क्षेत्र का अधिकार लेने के लिए क्षेत्र  के सभी जन प्रतिनिधि जैसे सभी 27 वार्ड के पार्षद, विधायक, सांसद हम सभी एक होकर त्याग पत्र जारी करे। ताकि हमारे नगर की बात दिल्ली तक जाए व केंद्र सरकार व राज्य सरकार को सही दबाव बनाया जा सके ताकि दल्ली राजहरा नगर के साथ और सौतेला व्यवहार न किया जा सके।

पहले से है प्रस्ताव तो नखरा क्यों

संतोष देवांगन उपाध्यक्ष नगर पालिका के द्वारा कहा गया कि 100 बिस्तर सरकारी हॉस्पिटल व  केंद्रीय विद्यालय दोनों ही दल्ली राजहरा नगर में पहले से ही प्रस्तावित है। उनके भवन का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। जिसके निर्माण कार्य से नगर के बेरोजगारो को रोजगार भी मिल सके।

दुसरे मांग कर रहे हैं, हमें कोई मतलब नहीं

नपा उपाध्यक्ष ने कहा केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के लिए कौन कहां मांग किया जा रहा है, इस विषय से हमें कोई मतलब नही। अगर गुंडरदेही विधानसभा के विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पैरी में केंद्रीय विद्यालय की मांग कर रहे है व बालोद के कांग्रेस के नेता व बालोद विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी केंद्रीय विद्यालय को बालोद में बनाने का मांग कर रही है तो हमे उनके मांगो से हमे किसी भी प्रकार का विरोध नही है। हमें तो हमारे नगर में जो हमारे पूर्व सांसद विक्रम उसेंडी के कार्यकाल के समय में दल्ली राजहरा  नगर में केंद्रीय विद्यालय के लिए घोषणा हुआ था, जिसके भवन निर्माण के लिए वार्ड क्रमांक 13 में 8 एकड़ शासकीय जमीन भी चयनित कर लिया गया था, उसी जमीन पर तत्काल केंद्रीय विद्यालय हेतु भवन निर्माण का कार्य चालू कराया जाए। रहा सवाल बालोद व पैरी की तो शासन चाहे तो उन दोनों जगह भी केंद्रीय विद्यालय बनाये। जरूरत के हिसाब से क्योकि शिक्षा तो सभी को चाहिए। बालोद जिले में तीन केन्द्रीय विद्यालत बने। इसमें हमें खुशी होगी। उसी प्रकार 100 बिस्तर सरकारी हॉस्पिटल का निर्माण कार्य को भी चालू कराया जाए। उन्होंने कहा बहुत हो गया दल्ली राजहरा नगर से सौतेला व्यवहार। अब और नही सहेंगे चाहे कांग्रेस की सरकार हो या भाजपा की। दोनों ही संगठन के सरकार ने दल्ली राजहरा नगर के साथ छल किया है।

इन नेताओं ने भी किया आवाज बुलंद

लगभग 3 बजे धरना स्थल से चल कर अनुविभागीय अधिकारी दफ्तर में मांग पत्र दिया गया। सभा को प्रदेश उपाध्यक्ष आम आदमी पार्टी घनश्याम चन्द्राकर, जिला अध्यक्ष आम आदमी पार्टी दीपक आर्दे व सुदर्शन पटेल ने भी सम्बोधित किया। सभी ने एक स्वर में कहा  क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियो का समय आ चला है कि अपने क्षेत्र के लिए संघर्ष करने, आओ चले अपने क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने। अन्यथा आने वाला समय हम सभी पर हँसेगा कि नगर में प्रस्तावित सभी योजनाओं को अन्य जगह ले जाया गया। लेकिन क्षेत्र के जन प्रतिनिधि कुछ नही कर पाए?

You cannot copy content of this page