बालोद जिले से प्रभावित होकर कबीरधाम जिले में भी अब पुलिस और जनप्रतिनिधि मिलकर बनाएंगे 8000 महिला कमांडो, प्रशिक्षण शुरू



बालोद। बालोद जिले में महिला कमांडो संगठन किसी परिचय की मोहताज नहीं है। महिलाओं को सशक्त और विभिन्न स्वरोजगार से आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ उनको आत्मरक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की पहल यहां वर्षों से हो रही है। इन पहलों को अब अन्य जिले के लोग भी आत्मसात करने लगे हैं। इस क्रम में पुलिस प्रशासन सहित जनप्रतिनिधियों के विशेष सहयोग से बालोद जिले से प्रभावित होकर कबीरधाम जिले में भी महिला कमांडो संगठन का विस्तार किया जाएगा। जहां पर 8000 महिला कमांडो बनाए जाएंगे। बालोद जिले में एक समय पदस्थ रहे एएसपी हरीश राठौर ने यहां के महिला कमांडो के कार्यों को देखकर वर्तमान में अपने कबीरधाम जिले में पोस्टिंग में भी उसे आगे बढ़ाने की सोची है। साथ ही वहां के जनप्रतिनिधियों ने भी इस दिशा में स्वेच्छा से कदम बढ़ाया है। जिसके तहत विगत दिनों तीन इलाके की 70 महिला कमांडो के गठन से शुरुआत कर उन्हें प्रशिक्षण दिया गया। बालोद जिले में महिला कमांडो द्वारा किए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों से कबीरधाम जिला काफी प्रभावित हुआ है। वहां के एसपी अभिषेक पल्लव और एएसपी हरीश राठौर के कुशल मार्गदर्शन में प्रथम चरण में 8000 महिला कमांडो बनाने का लक्ष्य रखा गया है। विगत दिनों पुलिस अकादमी के हॉल में वीरेंद्र नगर, लखनपुरी और जरहाटोला के 70 महिला कमांडो को प्रशिक्षण देकर उन्हें उनके कर्तव्यों के बारे में बताया गया। इस हेतु बालोद से विशेष रूप से प्रशिक्षण देने के लिए रफीक, घनश्याम दास वैष्णव और राकेश साहू पहुंचे हुए थे।

इस दौरान एएसपी हरीश राठौर ने कहा कि मैं बालोद जिले में रहा हूं और कमांडो की कार्यों से पूरी तरह परिचित हूं। कबीरधाम जिला में भी महिला कमांडो के साथ मिलकर कमांडो का गठन कार्य तेजी से किया जाएगा। साथ ही उन्हें प्रशिक्षण भी पुलिस विभाग द्वारा दिया जाएगा ।जनवरी में बागेश्वर बाबा का प्रवचन कार्यक्रम होने जा रहा है। वहां पर भी महिला कमांडो की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रशिक्षणकर्ता रफीक ने कहा यह पहला अवसर है जहां पर जनप्रति निधियों ने कबीरधाम जिला में महिला कमांडो का गठन करने की मांग की है। ग्राम एवं शहर स्तर की तेज तर्रार, सेवाभावी, कर्मठ, स्वयं सेवी ,स्वच्छ छवि वाली महिलाएं कमांडो बन सकती हैं। इसके बाद गठित कमांडो का सम्मेलन एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर पद्मश्री शमशाद बेगम ने पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया,जिन्होंने महिला उत्थान के लिए सोचा है।

You cannot copy content of this page