Thu. Sep 19th, 2024

उत्कृष्ट विधायक के रूप में राज्यपाल से सम्मानित हुई संगीता सिन्हा,पुरूर से गुरुर तक निकली स्वागत रैली

बालोद। संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा को शनिवार को राज्यपाल ने इस विधानसभा सत्र के लिए उत्कृष्ट विधायक के रूप में चयनित करते हुए सम्मानित किया। इस सम्मान प्राप्त करने के बाद विधानसभा क्षेत्र आगमन पर क्षेत्र के कांग्रेसियों ने उनका भव्य स्वागत किया। पुरूर से गुरुर तक बाइक रैली निकाली गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में विधायक संगीता सिन्हा को स्वागत करने के लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं का ताता लगा रहा। जिला अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तामेश्वर साहू, चंद्रेश हिरवानी, महामंत्री सादिक अली, प्रभात कुमार धुर्वे, महिमा साहू, सुमित राजपूत साहू, संजय प्रकाश चौधरी, पूरन साहू, बसंत सोनबेर , दुर्गू सिन्हा साहू तोषण साहू यानेश साहू मनीष देवांगन, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शैलेश ठाकुर सहित गुरुर जनपद के सभी जनप्रतिनिधि, सोसाइटी के सभी जनप्रतिनिधि, सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए और विधायक को फूल और गुलदस्ते भेंट कर उन्हें बधाई दी गई।

इस सम्मान प्राप्त होने पर विधायक संगीता सिन्हा ने क्षेत्र की समस्त कार्यकर्ताओं का भी आभार जताते हुए कहा कि आज उनकी बदौलत हमें यह सम्मान मिला है। हम कार्यकताओं के जरिए जनता से जमीनी स्तर से जुड़े रहते हैं और जनता की समस्याओं को विधानसभा में रखते हैं। क्षेत्र से जो सर्वे रिपोर्ट जाता है उस आधार पर और हमारे विधानसभा सत्र में सक्रियता के आधार पर उत्कृष्ट विधायक चयनित किए जाते हैं। इसमें इस अंतिम विधानसभा सत्र में मेरे लिए चयनित होना क्षेत्र की जनता के लिए और मेरी स्वयं के लिए सौभाग्य की बात है। छ. ग. विधानसभा में आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण एवं विदाई समारोह में महामहिम राज्यपाल के करकमलों से “उत्कृष्ट विधायक” के सम्मानअलंकरण से अलंकृत किए जाने पर और विधायक के इस उपलब्धि पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

सम्मान प्राप्ति उपरांत अपने विधानसभा क्षेत्र आगमन पर ग्राम पुरूर एवं गुरुर में कांग्रेसजनों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्कृष्ट विधायक का जोर-शोर से स्वागत एवं सम्मान किया। ज्ञात हो कि राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन छत्तीसगढ़ विधानसभा द्वारा आयोजित ‘‘उत्कृष्टता अलंकरण समारोह‘‘ और पंचम विधानसभा के विधायकों के लिए आयोजित बिदाई समारोह में मुख्य अतिथि बतौर शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, मुुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव, संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधानसभा के उपाध्यक्ष संतराम नेताम सहित केबिनेट के अन्य मंत्रीगण उपस्थित थे। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में उत्कृष्ट विधायकों एवं उत्कृष्ट संसदीय पत्रकारों को सम्मानित करने की यह परंपरा अत्यंत सराहनीय है। इससे विधायकों एवं मीडियाकर्मियों को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में सत्तापक्ष की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा और प्रतिपक्ष की विधायक श्रीमती रंजना दिपेन्द्र साहू को वर्ष 2022 का उत्कृष्ट विधायक सम्मान और विधायक धर्मजीत सिंह को पंचम विधानसभा के जागरूक विधायक सम्मान से नवाजा गया।

छत्तीसगढ़ विधानसभा ने अनेक स्वस्थ परंपराओं व नियमों को स्थापित किया

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के विगत पांच साल का कार्यकाल बहुत चुनौती पूर्ण रहा। लेकिन सत्तापक्ष और विपक्ष ने मिलकर छत्तीसगढ़ के विकास के लिए काम किया। इस विधानसभा ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए है। कोविड महामारी के दौरान भी विधानसभा की कार्यवाही कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए जारी रही। विगत 23 वर्ष के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा ने अनेक स्वस्थ परंपराओं व नियमों को स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने विकास के अनेक सोपान गढ़े हैं। चाहे पक्ष हो या विपक्ष या अन्य दल के सदस्य हों सभी का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मिलकर काम करना है। सत्ता पक्ष ने विधानसभा में अनेक ऐसे प्रस्ताव लाए जो छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मील का पत्थर साबित हुए। विपक्ष के सदस्यों ने भी सत्ता पक्ष की कमजोरियों को उजागर करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि पिछले साढ़े चार सालों में छत्तीसगढ़ विधानसभा में संसदीय मूल्यों को संरक्षित रखते हुए छत्तीसगढ़ की श्रेष्ठता के लिए बेहतर कार्य किया। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा में 18 प्रतिशत महिला विधायक है। विधानसभा के सभी सदस्यों ने जनसेवा को अपना ध्येय माना और संसदीय दायित्वों को बखूबी पूरा करने में योगदान दिया है। सभी सदस्यों ने संसदीय आचार, व्यवहार और संस्कृति को सीखा और मजबूती प्रदान की। नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। आभार प्रदर्शन संसदीय कार्यमंत्री श्री रविन्द्र चौबे द्वारा किया गया। राज्यपाल श्री हरिचंदन ने मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियो को स्मृति चिन्ह भेंट किया। राज्यपाल को भी विधानसभा द्वारा सम्मानित किया गया। पंडित उमादत्त शर्मा द्वारा संकलित एवं श्री झाबरमल्ल शर्मा द्वारा संपादित ‘‘भारतीय देश भक्तों की कारावास कहानी‘‘ पुस्तक का विमोचन राज्यपाल ने किया।

By dailybalodnewseditor

2007 से पत्रकारिता में कार्यरत,,,,,कुछ नया करने का जुनून, कॉपी पेस्ट से दूर,,,

Related Post

You cannot copy content of this page