DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पोण्डी में जनसमस्या निवारण शिविर बना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत

159 आवेदनों का मौके पर निराकरण, सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

बालोद, 13 मार्च 2026। जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम पोण्डी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए सौगातों भरा रहा। शिविर में प्राप्त कुल 159 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया और अनेक हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित आवासों के आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा मूकबधिर हितग्राहियों को श्रवण यंत्र, दिव्यांग हितग्राहियों को छड़ी और इलेक्ट्रिक व्हील चेयर दी गई। वहीं मत्स्य विभाग की योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को मछली जाल और आईस बॉक्स भी प्रदान किए गए।

उल्लेखनीय है कि पिछले जनसमस्या निवारण शिविर की तरह इस बार भी कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी और अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बस में सवार होकर ग्राम पोण्डी पहुंचे। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और स्व सहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर और अधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया।

शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, एसडीएम नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

10 दिनों में मिले 1304 आवेदनों का भी हुआ समाधान

प्रशासन द्वारा शिविर क्षेत्र के आसपास के विभिन्न गांवों में पहले से अभियान चलाकर लोगों की मांगों और समस्याओं से संबंधित 1304 आवेदन प्राप्त किए गए थे, जिनका शत-प्रतिशत निराकरण कर लिया गया है।

कलेक्टर ने बताई शिविर की अहमियत

जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि राज्य शासन द्वारा ग्रामीणों के बीच प्रशासनिक अमले की उपस्थिति सुनिश्चित कराकर उनकी वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को समझने तथा उनका समाधान करने का अभिनव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए शिविर में उपस्थित होकर इनका लाभ लेने की अपील की।

उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल के विवेकपूर्ण उपयोग और घरों में सोख्ता गड्ढा बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए किसी भी स्थिति में बाल विवाह नहीं करने तथा इसकी रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।

सामाजिक कार्यक्रम भी हुए आयोजित

शिविर के दौरान अतिथियों ने नन्हे बच्चों को खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंट कर उनका गोदभराई कार्यक्रम भी संपन्न कराया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को जल संरक्षण और उल्लास कार्यक्रम के तहत 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए भी शपथ दिलाई गई।

विभिन्न विभागों द्वारा दिए गए लाभ

जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को अनेक सुविधाएं प्रदान की गईं—

  • समाज कल्याण विभाग द्वारा 6 श्रवण यंत्र, 3 छड़ी, 1 बैटरी चलित ट्राय साइकिल और 4 मोटराइज्ड सिलाई मशीन
  • राजस्व विभाग द्वारा 9 ऋण पुस्तिका
  • 84 श्रम कार्ड और परिवहन विभाग द्वारा 39 लर्निंग लाइसेंस
  • स्व सहायता समूह की 6 महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ऋण स्वीकृति चेक
  • मुख्यमंत्री पेंशन योजना, राष्ट्रीय पेंशन योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना के 5-5 हितग्राहियों को सहायता राशि
  • 120 राशन कार्ड और 5 जन्म प्रमाण पत्र
  • प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 10 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति और पूर्णता प्रमाण पत्र
  • 80 जॉब कार्ड और 5 आयुष्मान कार्ड
  • मत्स्य पालन विभाग द्वारा मछली जाल और आईस बॉक्स
  • कृषि विभाग द्वारा 5 बैटरी चलित स्प्रेयर प्रदान किए गए।

इसके अलावा स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के स्टॉल में चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

You cannot copy content of this page