डौंडी में भारत स्काउट-गाइड का सम्मान समारोह, प्रमाण पत्र वितरण के साथ बच्चों को मिला प्रेरणा का संदेश



डौंडी। भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ डौंडी द्वारा 13 मार्च 2026 को विकासखंड कार्यालय डौंडी में आवश्यक बैठक एवं प्रमाण पत्र वितरण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें स्काउट-गाइड गतिविधियों से जुड़े शिक्षकों, विद्यार्थियों और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन

कार्यक्रम में जिला आयुक्त राकेश यादव, जिला सचिव के.एल. गजेन्द्र, DOC श्रीमती प्रेमलता चंद्राकार तथा नेम सिंह साहू के मार्गदर्शन में विकासखंड डौंडी के स्काउट-गाइड प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विकासखंड शिक्षा अधिकारी पी.के. चतुर्वेदी ने की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और शिक्षकों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

स्काउट-गाइड गतिविधियों से विकसित होते हैं अनुशासन और संस्कार

बैठक में पदेन गाइड आयुक्त श्रीमती भगवती वैष्णव ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियों से बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना और चारित्रिक गुणों का विकास होता है। वहीं BRCC सच्चिदानंद शर्मा ने डौंडी के स्काउट-गाइड की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बच्चों को आगे बढ़ाने में शिक्षकों की भूमिका की प्रशंसा की।

सफल स्काउट-गाइड और रोवर-रेंजर को मिले प्रमाण पत्र

सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के सफल स्काउट-गाइड को तृतीय सोपान तथा रोवर-रेंजर निपुण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही दुधली में आयोजित प्रथम रोवर-रेंजर जंबूरी में शामिल प्रतिभागियों और सेवा कार्य करने वाले स्काउट-गाइड प्रभारियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा बिग्नर्स कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले शिक्षकों को भी प्रमाण पत्र दिए गए।

आगामी सत्र की गतिविधियों पर भी हुई चर्चा

बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए विद्यार्थियों के राज्य पुरस्कार फॉर्म भरने, विद्यालयों के चार्टर वारंट के नवीनीकरण सहित अन्य गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर श्रीमती तनुजा बंजारे को ALT कोर्स का प्रमाण पत्र तथा श्रीमती मिथिला सिंघारे को HWB का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

बड़ी संख्या में स्काउटर-गाइडर रहे उपस्थित

वरिष्ठ कब मास्टर वाई.पी. गांगुली ने सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। बैठक का संचालन विकासखंड सचिव सेवा राम प्रेमन और संयुक्त सचिव श्रीमती तनुजा बंजारे ने किया।
कार्यक्रम में डौंडी के कई स्काउटर-गाइडर, कांगला मांझी महाविद्यालय के रोवर-रेंजर तथा विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

You cannot copy content of this page