बालोद – कोरोना व अन्य बीमारियों से जूझ रहे बालोद व डौंडीलोहारा ब्लॉक के तीन लोगों की मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग से हुई है। बालोद ब्लॉक के ग्राम पीपरछेड़ी के रहने वाले अंजोर सिंह साहू उम्र 40 साल की मौत एम्स रायपुर में हुई है। बताया जाता है कि उसे सर्दी खांसी थी। परिजन पहले उसे जिला अस्पताल में जांच कराने लाये। कोरोना टेस्ट हुआ, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यहां से उन्हें राजनांदगांव अस्पताल रेफर किया गया था। वहां भी स्थिति ना सुधरने पर उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती किया गया था। जहां उनकी मौत हो गई।

मृतक गांव में बिजली बिल कलेक्शन व खेती किसानी का काम करता था। जिनका अंतिम संस्कार कोविड के गाइड लाइन के मुताबिक गांव में किया गया। इसी तरह डौंडीलोहारा ब्लॉक में ग्राम सिंगारपुर निवासी 60 वर्षीय महिला एवं गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम खलारी निवासी 53 वर्षीय गिरजा बाई ठाकुर की मौत हो गई। इस तरह दिसंबर के 14 दिन में ही 18 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। खलारी के सरपंच हितेश साहू ने बताया कि महिला गिरजा बाई को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। ऑक्सीजन लेवल कम होने से मौत की जानकारी मिली है। उन्हें सबसे पहले गुंडरदेही ले जाया गया। जहां से राजनांदगांव रेफर किया गया था। शनिवार को अलसुबह 3-4 बजे के बीच मौत होने की जानकारी मिली। गुंडरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना जांच कराई गई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। मौत के बाद अंतिम संस्कार खलारी मुक्तिधाम में गाइडलाइन के अनुसार किया गया।
देखिये अब जिले में क्या है कोरोना की स्थिति

कलेक्टर ने ली बैठक, कोरोना को लेकर दिए हैं ये निर्देश
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कहा कि जिले में शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप कोरोना वायरस (कोविड-19) की जाॅच शतप्रतिशत हो। महोबे आज शाम संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की बैठक में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को या उसके परिवार के अन्य सदस्यों को सर्दी, खांसी, बुखार, श्वास लेने में कठिनाई, स्वाद या गंध नहीं आने पर तत्काल कोरोना जाॅच कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव हेतु मास्क का उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूरी है। कलेक्टर ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु जनजागरूकता लाने प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कोविड-19 अस्पताल और कोविड केयर सेंटर्स में साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नियमित साफ-सफाई, समय पर भोजन और दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने जिले में कोविड-19 टीकाकरण की तैयारी के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नियंत्रण कक्ष की स्थापना, वैक्सीनेशन प्लान, प्रशिक्षण आदि पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। बैठक में कोविड-19 टीकाकरण के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी व डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जे.पी.मेश्राम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डाॅ. भूमिका वर्मा सहित खण्ड चिकित्सा अधिकारी आदि मौजूद थे।
