बड़ी खबर- नकली नक्सली बनकर मछली व्यापारी से 7 लाख लूटने वाले पांच आरोपी पकड़ाए, तीन फरार, हत्या सहित अन्य संगीन अपराधों में भी संलिप्त हैं यह आरोपी, पढ़िए यह बड़ा खुलासा



कांकेर/ पखांजूर।जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र अंर्तगत कापसी के एक मछली व्यापारी विश्वजीत अधिकारी के घर से पिछले दिनों हुई बंदूक की नोक पर सात लाख की लूट के मामले में पखांजूर पुलिस ने फर्जी नक्सली लूट गिरोह के 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी स्थानीय निवासी ही निकले जो हुलिया बदलकर नक्सली जैसा ड्रेस पहन कर बिहार से खरीदे गए एक बंदूक से डरा धमका कर लोगों को लूटते थे। पकड़े गए आरोपियों का कहना था कि इलाके में कुछ महीने पहले एक लूट हुई थी उस गिरोह से आइडिया लेकर इन लोगों ने भी यही काम करना शुरु कर दिया। इनके पास से 09 एमएम का एक पिस्टल और लूट के जेवर सहित वॉकीटॉकी सेट, एटीएम कार्ड, पासबुक और तीन मोटर साइकिल बरामद कर लिए हैं।

इनसे हुई थी लूूूट

एएसपी जेएन बघेल ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि फर्जी नक्सली बनकर पखांजूर क्षेत्र के कापसी के गांव पिव्ही नंबर 122 के मछली व्यापारी के घर से बंदूक की नोक पर आठ फर्जी नक्सलियों ने पांच लाख की नकदी और दो लाख रुपये के जेवरात कुल सात लाख की लूट को अंजाम दिया था। लूट करने वालों में 8 फर्जी नक्सली वर्दीधारी थे। इस घटना के बाद फर्जी नक्सली गिरोह के सदस्यों ने फिर से 05 नवम्बर को 05 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। मछली व्यवसायी ने 10 दिन की मोहलत मांगी, इसके बाद मछली व्यापारी ने मामले की सूचना पुलिस काे दे दी। पखांजूर थाना पुलिस ने मामले के जांच शुरू की और 48 घंटे के भीतर फर्जी नक्सली गिरोह के 08 सदस्यों में से 05 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने कुल तीन जगह लूट की वारदात को अंजाम देने की बाद खुलासा किया है। बाकी के तीन आरोपितों को पुलिस तलाश रही है।

हत्या सहित कई संगीन अपराध पहले से हैं दर्ज

जानकारी के मुताबिक जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की बैकग्राउंड निकाली तो दंग रह गई। दरअसल में जो सरगना व अन्य आरोपी पकड़ाए हैं उनके खिलाफ पहले भी लूटपाट व हत्या के मामले भी दर्ज हैं। गिरोह का सरगना अमित राय पहले से ही अपराधिक प्रवृत्ति का है। इसके खिलाफ बांदे थाना में हत्या का मामला दर्ज है। इस मामले में वह 2 साल तक जेल में भी रह चुका है। वर्तमान में उसके खिलाफ पखांजूर तथा छोटे बेठिया थाने में भी लूट का मामला दर्ज हुआ है। उसके पास से मिली पिस्टल से धमकाकर इस तरह के अपराधों को अंजाम दिया जा रहा था। पूछताछ में पिस्टल को बिहार से खरीदना बताया जा रहा है। लूट के बाद वह महाराष्ट्र गढ़ चिरौली में भाग गया था। जहां से पुलिस ने उसे किराए के मकान से गिरफ्तार किया। सभी आरोपी लूट के पैसों को आपस में बांट लिए थे। मुख्य रूप से 4 पार्टनर थे,बाकी सहयोगी को 7000 हर लूट के बदले हिस्सा देते थे।

यह आरोपी पकड़े गए

पुलिस ने गिरोह के सरगना अमित राय निवासी पीवी 96, सहयोगी सुखेब मिस्त्री पीवी 79, अनीश बैनर्जी निवासी पखांजूर, राजू लाल पीवी 78, शिशिर बैरानी निवासी पीवी 92 को पकड़ा है तो वहीं अन्य तीन आरोपी पंकज सरदार उर्फ पेचा पीवी 92 , संजीत विश्वास उर्फ गदई निवासी 92 तथा गणेश रायपुर फरार हैं।

You cannot copy content of this page