बालोद- दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत् जिले के ग्रामीण गरीब युवाओं हेतु रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण उपरांत रोजगार उपलब्ध कराने हेतु पूर्णतः निःशुल्क रोजगारोन्मुखी धमतरी एवं भिलाई में आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सहायक संचालक श्री विकास देशमुख ने बताया कि इच्छुक युवाओं से निःशुल्क प्रशिक्षण हेतु आवेदन मंगा गए हैं। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना एवं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत हेल्थकेयर, मेडिकल इंफॉरमेशन टेक्नीशियन, वेल्डर, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन और पैकिंग एक्सेक्युटिव कोर्स में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपरोक्त कोर्स प्रशिक्षण के संबंध में अधिक जानकारी हेतु इच्छुक आवेदक मोबाईल नम्बर 9300457700 और 9300990100 पर सम्पर्क कर प्रशिक्षण की अवधि, योग्यता एवं प्रशिक्षण संबंधी अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
दावा आपत्ति 28 जनवरी तक
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सहायक शिक्षक(एल.बी.), सहायक शिक्षक विज्ञान (एल.बी.) की कार्यालयों से प्राप्त जानकारी के आधार पर 01 जनवरी 2022 की स्थिति में पुनरीक्षण, संशोधन कर सहायक शिक्षक एल.बी. संवर्ग की एकीकृत अंतरित वरिष्ठता सूची ‘‘टी संवर्ग‘‘ 01 जनवरी 2022 की स्थिति मंे पुनरीक्षण, संशोधन कर प्रकाशित किया गया है। जिसका अवलोकन संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सूचना पटल पर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उक्त प्रकाशित सूची में यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि, कमी, सुधार, नाम विलोपन, नाम जोड़ना इत्यादि परिलक्षित हो रहा हो, तो 28 जनवरी 2022 को 03.30 बजे तक आपत्ति, दावा संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं संबंधित संस्था के प्राचार्य के पास प्रस्तुत कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि शा.हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में कार्यरत सहा.शिक्षक विज्ञान(एल.बी.) का एकीकृत वरिष्ठता सूची में सुधार होने की स्थिति में संबंधित प्राचार्य, निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव अपने क्षेत्र के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अपने अभिमत सहित 28 जनवरी 2022 को 05.30 बजे तक अनिवार्यतः जमा करेंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त अभ्यावेदनों, प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिले के सभी नगरीय निकायों में श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स का संचालन शीघ्र शुरू करें – कलेक्टर
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने कहा कि जिले के सभी नगरीय निकायों में श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स का संचालन शीघ्र शुरू कराएॅ। श्री महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स में आमजनों को अधिकतम खुदरा बिक्री मूल्य (एमआरपी) में 50 प्रतिशत से अधिक छूट पर उच्च गुणवत्तायुक्त जेनेरिक दवा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिले के नगरीय निकायों में श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के नगरीय क्षेत्रों में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन के लिए की जा रही कार्यवाही की प्रगति की जानकारी ली। नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री रोहित कुमार साहू ने बताया कि जिले में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत् मोबाइल मेडिकल यूनिट के संचालन हेतु जिले में तीन कलस्टर बनाए गए हैं। जिसमें तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन के माध्यम से वार्डों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर आमजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाएगी। कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद बालोद और दल्लीराजहरा को क्लीन सिटी बनाने हेतु कार्ययोजना तैयार किए जाने आवश्यक दिशानिर्देश दिए। बैठक में नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौजूद थे।
स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के रिनोवेशन कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराएं – कलेक्टर
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने कहा कि जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के रिनोवेशन कार्य को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराएं। श्री महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल गुरुर, डौंण्डी, डौण्डीलोहारा, अर्जुंदा और स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम स्कूल बालोद के रिनोवेशन कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल गुरुर, डौंडी, डौण्डीलोहारा व स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम स्कूल बालोद में रिनोवेशन कार्य शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रिनोवेशन कार्य का समय समय पर निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सिल्ली थामस, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी.सी. मरकले, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री एफ.टोप्पो सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
