बालोद। ग्राम सांकरा क से बरही होते हुए चारामा जाने के लिए प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़क इन दिनों बदहाल हो गई है। इस सड़क का निर्माण पिछले साल हुआ है। 1 साल के भीतर ही इसकी स्थिति बद से बदतर हो चली है। इसका प्रमाण आज ही देखने को मिल सकता है कि किस तरह इस सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। तो वही गड्ढा हादसे को भी न्यौता दे रहा है। एक ऐसा ही बड़ा गड्ढा सांकरा और बरही के बीच हुआ है। जिसकी मरम्मत को लेकर अब तक विभाग के अधिकारी कर्मचारी सामने नहीं आए हैं। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सड़क तो बनाई गई है लेकिन उनका मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा है। 3 दिन से गड्ढा हुआ है।

मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी नरेंद्र सिंह ने बताया कि इस रास्ते से कई परिवहन धान गाड़िया भी गुजरती है। लेकिन सड़क पर गड्ढे होने से आने जाने में परेशानी हो रही है। कभी भी वहां कोई बड़ी गाड़ी फस सकती है। इससे रास्ता पूरी तरह से बंद हो जाएगा। संबंधित विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं तो वही इतनी जल्दी सड़क का उखड़ना व इस तरह से गड्ढा होना कार्य में लापरवाही को उजागर करता है। गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया है। जिसका प्रमाण यहां हुआ गड्ढा है।
