DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

चर्चित केस-1 साल पहले जिसने खाकी की वर्दी पर रिश्वत के आरोप से लगाया था दाग, घुमका का वही व्यक्ति फिर गिरफ्तार शराब के साथ

बालोद पुलिस ने घुमका के आरोपी अनिल बख्शी को दैहान के रास्ते में पकड़ा, 30 पव्वा जप्त, जेल दाखिल

बालोद। अगस्त 2020 की बात है जब बालोद पुलिस की टीम द्वारा घुमका में छापे मारकर 20 पव्वा शराब बरामद की गई थी और आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पर इस मामले में उस वक्त बड़ा मोड़ आ गया था जब आरोपी द्वारा उल्टा पुलिस पर यह आरोप लगा दिया गया था कि उसे छोड़ने के बदले पुलिस वालों द्वारा ₹15000 की रिश्वत मांग की जा रही है। खाकी पर दाग लगाने वाला ये शख्स उस समय चर्चा का विषय रहा और इसकी शिकायत पर बालोद थाने में पदस्थ आरक्षक लवण राजपूत को लाइन अटैच भी कर दिया गया था। आरक्षक ने आरोपों को निराधार बताया था तो वहीं आरोपी ने गृह मंत्री, आईजी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष के साथ-साथ एसपी को भी ज्ञापन देकर शिकायत की थी। उस समय भी आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट का केस दर्ज हुआ पर वह यह कह कर खुद को निर्दोष बताता था कि मैंने शराब बेचने के लिए नहीं बल्कि अपने मजदूरों को पिलाने के लिए घर में रखा था। पर आज उस आरोपी की हकीकत सामने आ ही गई कि वह क्या करता था। दरअसल में 1 साल पहले जिसे पुलिस ने पकड़ा था और आज फिर वही घुमका का अनिल कुमार बख्शी शराब का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। इस बार 30 पव्वा देसी शराब बरामद हुई है। जो कि बालोद के ही शराब दुकान से खरीद कर दैहान जंगल के रास्ते घुमका की ओर जा रहा था। मुखबीर से सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने घेराबंदी करके उसे जंगल के रास्ते में ही पकड़ा। उससे टीवीएस दुपहिया व शराब जप्त की गई। तलाशी ली गई तो 30 पव्वा शराब निकला। मामला 34(2) का बनाया गया और उसे रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। ज्ञात हो कि 1 साल पहले आरोपी के पुलिस पर ही आरोप लगाए जाने से मामला काफी संवेदनशील हो गया था। तो वही तत्कालीन एसपी द्वारा पुलिस की छवि सुधारने आरक्षक लवण राजपूत को लाइन अटैच भी किया गया था। मामला काफी सुर्खियों में रहा।

अवैध शराब बिक्री व जुए पर लगातार कार्रवाई, बालोद पुलिस को मिल रही सफलता

ज्ञात हो कि एसपी सदानंद कुमार के मार्गदर्शन, एएसपी डीआर पोर्ते के निर्देशन में एसडीओपी प्रतीक चतुर्वेदी व थाना प्रभारी बालोद मनीष शर्मा व उनकी टीम लगातार क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, जुआ सट्टा पर लगाम कसने के लिए कार्रवाई कर रही है। लगातार बालोद पुलिस को सफलता भी मिल रही है। यह कार्रवाई भी उसी सक्रियता का परिणाम है। लगातार गांव-गांव में जहां भी अवैध रूप से शराब बेचे जाने की शिकायत प्राप्त हो रही है वहां छापे मार कार्रवाई जारी है। शराब कोचियों को रास्ते तो कहीं घरों में छापा मारकर पकड़ा जा रहा है। मुखबिरों का जाल फैलाकर हर असामाजिक कार्य करने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है और मौका मिलते ही उन्हें दबोचा जा रहा है।

You cannot copy content of this page