Breaking-लकड़ी तस्करी के खेल ने ली एक और जान, गोला गाड़ी- ट्रैक्टर में दबने से जगन्नाथपुर के युवक की मौत, परसदा में हादसा, इसके पहले इसी गांव के 2 युवकों की हो चुकी मौत



रवि साहू

बालोद। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा ज से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पर ट्रैक्टर पलटने से गोला यानी लकड़ी के लट्ठों में दबने से एक युवक की मौत हो गई है। युवक ग्राम जगन्नाथपुर का रवि साहू पिता यादव राम बताया जा रहा है। घटना गुरुवार की करीब शाम 4 बजे की है। बताया जाता है कि जगन्नाथपुर गांव के एक व्यक्ति के ट्रैक्टर से लकड़ी परिवहन के लिए परसदा में युवक काम करने गया था। लकड़ी भरकर रवानगी के समय यह हादसा हो गया। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद बालोद पुलिस भी पहुंची और मामले में मर्ग कायम किया जा रहा है। बालोद थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि मर्ग दर्ज हो रहा है। आगे की विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर में लकड़ी लोड करते समय दबने से युवक की मौत हुई है।

जन्मदिन के एक दिन पहले मौत

इधर परिजन नागेश्वर साहू ने बताया रवि को 13 अगस्त को 21 साल उम्र होगा। जन्मदिन के एक दिन पहले उसकी मौत हो गई। अब जन्मदिन के दिन ही शुक्रवार 13 अगस्त को उसके शव का अंतिम संस्कार होगा। गांव में इस घटना से शोक व आक्रोश का माहौल है।

इस इलाके में होता है लकड़ी तस्करी का खेल

ज्ञात हो कि जगन्नाथपुर, सांकरा, परसदा सहित आसपास के कई गांव में लकड़ी तस्करी का खेल लंबे समय से चल रहा है। पर कोई उचित कार्यवाही नहीं होती है। कई बार शाम होते ही ट्रैक्टर ट्रालियों में लकड़ी भर ली जाती है फिर सुबह होने से पहले ही इन लकड़ियों के ढेर को बालोद सहित आसपास के आरा मिलो में खपा दिया जाता है। अच्छी मजदूरी की आस में गांव के कई युवा इस तरह की काम में संलिप्त होते हैं। पर यहां जान का खतरा हमेशा रहता है। पहले भी इस तरह की दो घटना में जगन्नाथपुर के ही दो युवक खेमलाल ठाकुर और खिलावन साहू की भी मौत हो चुकी है। गाड़ी में दबने से यह तीसरी घटना है। जिससे ग्रामीणों में भी आक्रोश है कि चंद पैसों के लालच में कुछ लोग युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे और बिना सुरक्षा के उनसे काम करवाया जाता है।

BIGNEWS

You cannot copy content of this page