
बालोद। बालोद जिले में अब तक कोरोना से 186 लोगों की मौत हो गई है। सोमवार को 540 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । बालोद के कोविड अस्पताल में रविवार शाम 7 बजे के बाद से सोमवार शाम 7 बजे तक यानी 24 घंटे में 10 संक्रमितों की मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की थी। रायपुर व दल्ली के अस्पताल में 5 संक्रमितों की मौत होने की पुष्टि हुई है। इस तरह 15 संक्रमितों ने दम तोड़ा। यह विभाग के अनुसार ही न्यूनतम आंकड़ा है। आंकड़े बदल सकते है। कोविड अस्पताल में शाम 4 बजे छग शिक्षक महासंघ के जिला मीडिया प्रभारी व कोहंगाटोला संकुल के समन्वयक रेलवे कॉलोनी निवासी विवेक उइके (32) की मौत हो गई।

बताया जाता है कि कुछ दिन तक विवेक पाकुरभाट कोविड सेंटर में भर्ती थे। वहां ऑक्सीजन लेवल डाउन होने के कारण जिला कोविड अस्पताल रेफर किया गया था। जहां अंतिम सांस लेने की जानकारी परिजनों से मिली। इसके अलावा
कोविड अस्पताल- बालोद के 32 वर्षीय युवक, गुंडरदेही के 45, 47 व 65 वर्षीय पुरुष संक्रमित, मरकाटोला गुरुर के 60 वर्षीय, सिवनी की 60 वर्षीय महिला, दल्ली की महिला की मौत हुई।
शहीद अस्पताल में- डौंडी की 47 व 60 वर्षीय महिला की मौत हुई।
रायपुर- एम्स में मरारपारा बालोद के 47 वर्षीय पुरुष, सुयश हॉस्पिटल में भरदाकला की महिला, रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में साल्हेटोला के युवक की मौत हुई।
बालोद में 36 नए संक्रमित
सोमवार को शहर के 11 वार्डों में कोरोना के 36 नए मरीज मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की । शिकारीपारा में एक ही दिन में 12 नए मरीज मिले। वहीं आमापारा में 5, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, गंजपारा में 3-3, सदर लाइन में 4, मरारपारा में 2, जवाहरपारा, नयापारा, संस्कार शाला के पास एक-एक संक्रमित मिलें।

इस तरह शहर के 20 वार्डों में एक मार्च से 19 अप्रैल तक यानी 50 दिन में 577 संक्रमित मिल चुके है। बीएमओ डॉ. शिरीष सोनी ने बताया कि सोमवार शाम 6 बजे की स्थिति में ब्लॉक में कुल 93 नए मरीज मिले। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के 57 और शहरी क्षेत्र के 36 संक्रमित शामिल है। कोरोना मरीजों के साथ संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है इसलिए गाइडलाइन का पालन करें। मास्क पहनें और भीड़ का हिस्सा न बनें यानी सोशल डिस्टेंस का पालन करें। लक्षण दिखने पर तत्काल कोरोना जांच कराएं।
बालोद में टीकाकरण की ये स्थिति
गौरतलब है कि जिले में 20 अप्रैल तक 45 से अधीक उम्र वाले एक लाख 72 हजार 26 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें से एक लाख 37 हजार 327 लोगों को एक मार्च से 18 अप्रैल तक यानी 49 दिन में टीका लग चुका है। अब भी 33 हजार 759 लोग बच गए हैं। जिसे वैक्सीन की उपलब्धता अनुसार तय समय में टीका लगाने सत्र स्थल पर बुलाया जा रहा है। जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 79.83 प्रतिशत लोगों को टीका लग चुका है।
गुंडरदेही आगे है
गुंडरदेही में 91.07 व गुरुर ब्लॉक में 66.47 प्रतिशत टीकाकरण
वैक्सीनेशन की दौड़ में फिलहाल जिले में गुंडरदेही ब्लॉक टॉप पर चल रहा है। यहां 91.07 प्रतिशत लोगों को टीका लग चुका है। जबकि 5वें नंबर पर गुरूर ब्लॉक है। यहां 66.47 प्रतिशत लोगों को टीका लगा है। इसी तरह डौंडीलोहारा ब्लॉक के 87.80 प्रतिशत, बालोद ब्लॉक के 80.87 प्रतिशत और डौंडी ब्लॉक के 74.28 प्रतिशत लोगों को 18 अप्रैल तक टीका लगा हर। कोरोना से जंग जीतने टीका लगाने का दौर आगे भी चलेगा, क्योंकि सभी को दूसरा डोज लगाने के लिए चार माह बाद बुलाया गया है। इसी हिसाब से दूसरा डोज लगवाने के लिए भी लोग पहुंच रहे हैं।
जिले में अब तक 60+ वाले 59 हजार 876 को लग चुका टीका
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शिरीष सोनी ने बताया कि जिले में 18 अप्रैल तक 60+ उम्र के 59 हजार 876 और 45 से 59 साल के बीच के 77 हजार 451 लोगों को पहला डोज लग चुका है।
जिला अस्पताल बालोद में 4 हजार 571 लोगों को लगाया गया टीका
एक मार्च से 18 अप्रैल तक जिला अस्पताल बालोद में 4 हजार 571 लोगों को टीका लग चुका है। जिसमें 45 प्लस वाले 2 हजार 470 और 60 प्लस वाले 2 हजार 101 शामिल हैं। निजी केंद्र स्वास्थ्य संचय में 571 लोग टीका लगवाने पहुंच चुके हैं। सागर अस्पताल में 10 लोग ही टीका लगाए हैं।
