DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दसवीं की परीक्षा स्थगित पर परीक्षा सामग्री लेने के लिए शिक्षकों को आना होगा बालोद ,अफसरों का ये है फरमान, शिक्षक बोले क्या हमें कोरोना न होने का है वरदान?

बालोद। एक तरफ जहां कोरोना संक्रमण को बढ़ते हुए देखकर शासन ने आगामी 15 अप्रैल से शुरू होने वाली दसवीं की परीक्षा स्थगित कर दी है। यह परीक्षा आगामी तिथि में होगी जो फिर से निर्धारित होगी।

इस संबंध में आदेश भी जारी हो गए हैं। क्योंकि अभी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लॉकडाउन हो रहा है। बालोद भी इससे अछूता नहीं है। यहां 10 अप्रैल की शाम से लॉकडाउन शुरू होगा। ऐसी स्थिति में परीक्षा भी पूरी तरह से प्रभावित होगी व कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए ही यह व्यवस्था बनाई गई है और इसी लिहाज से शासन ने दसवीं की परीक्षा फिलहाल स्थगित की है। पर जिले में शिक्षा विभाग के अफसरों द्वारा बोर्ड परीक्षा की सामग्री वितरण का काम भी परीक्षा स्थगन के बाद भी कराया जा रहा है। इसको लेकर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा निर्देश जारी किया गया है की परीक्षा स्थगित की गई है लेकिन गोपनीय सामग्री का वितरण पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। एक तरफ परीक्षा स्थगित हुई और शिक्षकों को सामग्री वितरण केंद्र आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल बालोद बुलाया जा रहा है। इससे शिक्षकों में नाराजगी भी है तो वहीं असमंजस में है कि खतरा मोल लेकर कैसे हम सामग्री लेने के लिए जाएंगे। ज्ञात हो कि गोपनीय सामग्री लेने के बाद उन्हें आस-पास के संबंधित थानों में सुरक्षित रखा जाता है। जो परीक्षा के दिन ही निकाली जाती है। शिक्षकों का कहना है कि जब परीक्षा स्थगित कर दी गई है तो सामग्री वितरण कार्यक्रम को भी बदलना चाहिए। जब स्थिति ठीक हो तब नया कार्यक्रम तय किया जाना चाहिए। उसके हिसाब से हमें बुलाया जाना चाहिए। पर शिक्षा विभाग के अफसरों की हठधर्मिता ऐसी है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सामग्री वितरण करने की बात कही जा रही है।तो वहीं शिक्षकों ने यह भी कहा कि बालोद जिले के अधिकतर ब्लॉक के केंद्र अध्यक्ष दुर्ग-भिलाई क्षेत्र से ही आना जाना करते हैं। इससे कोरोना संक्रमित होने व संक्रमण का खतरा है। क्योंकि दुर्ग में बालोद की तुलना में ज्यादा केस है। ऐसी स्थिति में शिक्षक सहित कर्मचारियों में असंतोष है।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर के सचिव प्रोफेसर वीके गोयल द्वारा भी इस संबंध में सर्व शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया गया है कि प्रश्न पत्र वितरण कार्य पूर्व निर्धारित तिथि व समय अनुसार किया जाए। इसमें कहा गया है कि जो भी तारीख तय की गई है उसी तारीख पर सामग्री ले जाकर थाने में सुरक्षित रखवाया जाए। उक्त आदेश के बाद डीईओ ने जिले के शिक्षकों को निर्देशित किया है।

बालोद जिले में गोपनीय सामग्री का वितरण 10 अप्रैल व 11 अप्रैल को समन्वय केंद्र शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद में सुबह 10 बजे से किया जाना है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सर्व विकास खंड शिक्षा अधिकारी को जारी किए गए आदेश के मुताबिक कहा गया है कि गोपनीय सामग्री का वितरण सुचारू रूप से किए जाने हेतु विकासखंड वार दर्शाए गए तिथि व समय पर ही केंद्र अध्यक्ष समन्वय संस्था में पहुंचकर अपनी सामग्री प्राप्त करेंगे। विकासखंड में कोई भी केंद्र अध्यक्ष समय पूर्व समन्वय संस्था में ना पहुंचे। जिससे वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से हो। विलंब की स्थिति में संपूर्ण जवाबदारी केंद्र अध्यक्षों की होगी। टाइम टेबल के मुताबिक डौंडी, गुंडरदेही और डौंडीलोहारा ब्लॉक के लिए 10 अप्रैल, गुरुर, बालोद के लिए 11 अप्रैल सामग्री वितरण तारीख तय की गई है। सामग्री वितरण सुबह 10 बजे से शुरू होगा। जो शाम 4 बजे तक चलेगा। एक- एक ब्लॉक के लिए दो-दो घंटे सामग्री वितरण के लिए तय किया गया है।

You cannot copy content of this page