जिला प्रशासन की किसानों से अपील—संयुक्त खाताधारक भी अलग-अलग कराएं पंजीयन, पंजीयन नहीं होने पर समर्थन मूल्य पर फसल बिक्री में आ सकती है परेशानी
बालोद, 21 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुरूप जिले के किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन का कार्य विशेष प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपने प्रत्येक खाते का एग्रीस्टैक पोर्टल में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं, ताकि समर्थन मूल्य पर धान एवं अन्य फसलों की बिक्री करने के साथ शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हर खाते का पंजीयन जरूरी
जिला प्रशासन द्वारा किसानों एवं संयुक्त खाताधारकों के लिए आवश्यक सूचना जारी करते हुए समय रहते एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी एक ऋण पुस्तिका अथवा खाते में दो, तीन या चार लोगों के नाम दर्ज हैं, तो उन सभी संयुक्त खाताधारकों का अलग-अलग एग्रीस्टैक पंजीयन कराना अनिवार्य है।
इसी तरह, जिन किसानों के नाम एक ही खाते में अलग-अलग खसरा नंबर दर्ज हैं, उन्हें संबंधित सभी खसरा नंबरों पर अपना पंजीयन कराना होगा।
पंजीयन नहीं कराने पर हो सकती है परेशानी
जिला प्रशासन के अनुसार, एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन नहीं होने की स्थिति में किसानों को धान एवं अन्य फसलों को समर्थन मूल्य पर बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी कठिनाई आ सकती है।
इन स्थानों से ले सकते हैं जानकारी
एग्रीस्टैक पंजीयन से संबंधित अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायत, पटवारी, कृषि विभाग, सेवा सहकारी समिति अथवा लोक सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपने प्रत्येक खाते एवं संबंधित खसरा नंबरों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित कराएं, ताकि भविष्य में समर्थन मूल्य पर फसल विक्रय एवं शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।












