DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मिशन नवचेतना के तहत बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह पर कसा शिकंजा

मध्यप्रदेश के रायसेन और भोपाल से दो फरार आरोपी गिरफ्तार, 72.621 किलो गांजा समेत पहले ही ₹40.52 लाख की संपत्ति हो चुकी है जब्त; गिरोह के सभी 7 आरोपी गिरफ्तार

बालोद। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डौण्डीलोहारा श्री बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में ‘मिशन नवचेतना’ के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना डौण्डीलोहारा के एनडीपीएस प्रकरण में फरार चल रहे अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के दो आरोपियों को मध्यप्रदेश के रायसेन एवं भोपाल से गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा चुकी है।

72.621 किलो गांजा और ₹40.52 लाख की संपत्ति पहले हो चुकी है जब्त

मामले में पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को साइबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहारा की संयुक्त टीम ने ग्राम भेड़ी मुख्य मार्ग के पास कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों के कब्जे से 72.621 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग ₹36,31,050, के साथ चार मोटरसाइकिल एवं छह मोबाइल फोन बरामद किए थे। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग ₹40,52,050 आंका गया था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया था। वहीं, पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के मुख्य सरगना के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी।

तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण एवं लगातार पतासाजी के आधार पर मध्यप्रदेश में दबिश दी। पुलिस टीम ने रायसेन एवं शुकी सेवरिया, भोपाल में कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी एवं गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया और दोनों को बालोद लाया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ में मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की विवेचना जारी है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किए गए आरोपी

1. सतनाम गोड़, पिता धिरा गोड़, उम्र 31 वर्ष, निवासी राहुल नगर, वार्ड-14, जिला रायसेन, मध्यप्रदेश।

2. भगवान सिंह बंजारा उर्फ भग्गु, पिता माघता लाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी एकता नगर, शुकी सेवरिया, जिला भोपाल, मध्यप्रदेश।

गिरोह के सभी 7 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

बालोद पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद थाना डौण्डीलोहारा के इस एनडीपीएस प्रकरण में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना ‘मिशन नवचेतना’ का लक्ष्य

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि ‘मिशन नवचेतना’ के तहत बालोद पुलिस का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के संपूर्ण नेटवर्क को ध्वस्त करना, युवाओं को नशे से बचाना तथा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा निरीक्षक सुनील तिर्की, सउनि अनित राम यादव, आरक्षक बेनीराम साहू, साइबर सेल से सउनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक विपिन गुप्ता, पुरन देवांगन, भोपसिंह साहू एवं गुलजारी साहू की सराहनीय भूमिका रही।

बालोद पुलिस का संदेश—नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

बालोद पुलिस ने कहा है कि ‘मिशन नवचेतना’ के तहत नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार एवं अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बालोद पुलिस का संदेश: “सुरक्षित युवा, समृद्ध बालोद।”

आपातकालीन सेवा : 112 | साइबर हेल्पलाइन : 1930 | मिशन नवचेतना हेल्पलाइन : 1933

You cannot copy content of this page